जयपुर नगर-निगम के वार्ड 76 में हुए उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को बनीपार्क में मीरा मार्ग पर स्थित राजकीय महारानी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में सुबह 8 बजे से आरंभ होगी। रिटर्निंग अधिकारी एवं एडीएम जयपुर (प्रथम) आशीष कुमार ने बताया कि मतगणना के लिए नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों का मतगणना स्थल पर अंतिम प्रवेश समय प्रातः 7 बजे से 7.30 बजे तक रहेगा। इसी प्रकार मतगणना अभिकर्ता, अभ्यर्थी/निर्वाचन अभिकर्ता का भी मतगणना स्थल पर प्रवेश समय प्रातः 7 बजे से 7.30 रहेगा। मतगणना स्थल पर वाहनों का प्रवेश निषेध होगा।
उन्होंने बताया कि प्रेस व मीडिया के संवाददाताओं को भी मतगणना स्थल पर प्रवेश कार्ड के द्वारा एन्ट्री दी जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि मतगणना स्थल पर प्रवेश के दौरान किसी प्रकार की धारदार वस्तु एवं अन्य आपराधिक वस्तुओं का लाना निषेध रहेगा। मतगणना स्थल में अधिकृत प्रवेश कार्ड द्वारा ही मोबाईल ले जाने की अनुमति होगी, शेष सभी का मोबाईल ले जाना निषेध रहेगा।