सड़क पर उतरे वकील, रास्ता जाम
- फोटो : Amar Ujala
शहर के निचली अदालत के वकीलों ने पुलिसकर्मियों की ओर से साथी वकील के साथ मारपीट करने के विरोध में आज कोर्ट के बाहर रास्ता जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन में जुटे वकीलों ने मारपीट के मामले में दोषी कांस्टेबल व सबइंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग की। इसके अलावा डीसीपी ट्रेफिक लवली कटियार को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
तब एडिशनल डीसीपी ट्रेफिक शिल्पा चौधरी व एसीपी महेश शर्मा मौके पर पहुंचे। वकीलों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर समझाइश की। जिसके बाद वकील शांंत हुए और खासाकोठी से कलेक्ट्रेट सर्किल की तरफ आने-जाने वाला रास्ता खोला। वकीलों ने दावा किया है कि दोषी एसआई सहित चारों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार गत 6 सितंबर को पीतल फैक्ट्री के पास पुलिसकर्मियों ने वकील नरेन्द्र कुमार को रोका। इस बीच दोनों के बीच मारपीट हो गई। इस पर पुलिसकर्मी वकील को दुर्घटना थाना, पश्चिम ले गए। वकीलों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने वकील के साथ थाने में मारपीट की। जिसकी जांच की जा रही है।