हाइवे पर कांच के टुकड़े और कीलें बिछाकर लूटपाट करने वाली एक गैंग का पर्दाफाश हुआ है। हथियारों के बल पर यह गिरोह सवारियों को धमकाकर डराता है।
एसपी धौलपुर राजेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी योगेंद्र गुर्जर, गुड्डू गुर्जर और हेम सिंह गुर्जर है। इनके खिलाफ धौलपुर जिले के अलावा करौली और बयाना में लूट व हत्या के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक लूट की वारदात व्यापारी शुभम मंगल से हुई। वह 5 जून को अपने चाचा हरिओम के साथ अपने पिता विनोद मंगल को ग्वालियर में डॉक्टर को दिखाकर कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान इस गिरोह के पांच सदस्यों ने नेशनल हाइवे नंबर 11बी पर मडोना गांव के पास गिरोह ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
हथियार दिखाकर बना लिया बंधक
demo pic
- फोटो : Demo pic
शुभम ने बताया कि गिरोह के सदस्यों ने रास्ते पर पहले ही कांच के टुकड़े व कीलें फेंक दी। इससे उनकी गाड़ी पंक्चर हो गई। वह टायर बदलने हाइवे पर उतरा तो हथियारबंद बदमाशों ने रात करीब 12 बजे हथियार दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद लुटेरे उन्हें मडोना के जंगल में ले गए और मोबाइल फोन और नगदी लूट वहां से भाग निकले।
इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू की तो मुखबिर की सूचना पर लुटेरों का सुराग मिला। इस पर पुलिस ने तीनों बदमाशों को धरदबोचा।