शादी के ढाई साल के भीतर ही एक सिविल इंजीनियर के जीवन में ऐसा भूचाल आया कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। वह ट्रेन के आगे कूद गया। खुदकुशी से पहले इंजीनियर ने एक सुसाइड नोट लिखा। जिसमें सात फेरे लेने वाली पत्नी, ससुराल पक्ष और झूठे दहेज प्रताड़ना के मुकदमे को जिम्मेदार ठहराया।
अब सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस पत्नी व ससुराल वालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर पड़ताल कर रही है। यह मामला है राजस्थान के जोधपुर जिले का। सीकर के खंडेला निवासी रामस्वरूप सैनी ने मुकदमा दर्ज करवाया कि उनके बेटे दिनेश सैनी की शादी वर्ष 2015 में चौमूं निवासी रंजना से हुई थी।
पिछले करीब ढाई साल से दिनेश व रंजना जोधपुर में महामंदिर चौराहे के पास एक कॉलोनी में कमरा लेकर किराए पर रह रहे थे। दिनेश सिविल इंजीनियर था और निजी कंपनी में जॉब करता था। ससुर रामस्वरुप ने बहू के चरित्र पर आरोप लगाते हुए शादी के बाद अन्य लोगों से फोन पर लंबी बातचीत करने की बात कही। जिससे संदेह होने पर दिनेश ने बहू रंजना को टोकना शुरू किया तो उनके बीच मनमुटाव होने लगा।