वन रक्षक होशियार सिंह मौत मामले को सुलझाने करसोग पहुंची सीबीआई की टीम सोमवार करीब सुबह 9 बजे कतांडा पहुंची। जिस पेड़ पर फोरेस्ट गार्ड होशियार सिंह का शव उल्टा लटका था, पुलिस ने उस पेड़ का मुआयना किया।
फोरेस्ट गार्ड की मौत की जांच से जुड़े कई अफसर सीबीआई के जांच के दायरे में है। हालांकि अभी तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी से पुलिस ने पूछताछ नहीं की है। सोमवार को करीब दस से पंद्रह जांच अधिकारियों व अन्य की टीम ने केस से जुड़े अहम घटनाक्रम को जांचने के लिए कतांडा पहुंच कर छानबीन शुरु कर दी है।
घटना स्थल पर जाकर टीम ने वन रक्षक मौत प्रकरण को समझने की कोशिश की। सीबीआई की टीम ने उस पेड़ का मुआइना किया जिस पर वन रक्षक का शव उलटा लटका हुआ था। टीम ने अभी तक इस बारे में किसी का भी बयान नहीं लिया है।
वहीं लोगों को इस बात की भारी खुशी है कि टीम अब इस मामले को सुलझाने का पूरा प्रयास करेगी। कई माह पहले हुई इस घटना से अब तक भी पर्दा नहीं उठ पाया है। इसे लेकर अभी तक यह संशय बना हुआ है कि वन रक्षक आखिर पेड़ से उलटा क्यों लटका था।
सोमवार को सीबीआई की टीम कतांडा के गलजूब के जंगल में तथ्य जुटाती रही। सीबीआई की टीम अभी दो दिन और करसोग में रुकेगी। सोमवार को टीम के रहने का प्रबंध ब्लॉक समिति के रेस्ट हाउस में किया गया था।