चूड़ी बनाने के कारखाने से 11 बालश्रमिक मुक्त
- फोटो : Amar Ujala
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में नार्थ जिले की मानव तस्करी विरोधी यूनिट ने सोमवार को चूड़ी बनाने के कारखाने में बालश्रम कर रहे 11 मासूम बच्चों को मुक्त करवाया। यह बच्चे यूपी व बिहार के रहने वाले बताए जा रहे है। जिन्हें कुछ दिनों पहले यहां कारखाने में लाया गया था।
एडिशनल डीसीपी राजेश मील ने बताया कि यह कार्रवाई मानव तस्करी विरोधी यूनिट में प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेशचंद के नेतृत्व में कांस्टेबल अरविंद कुमार, नवरंग सिंह ने बचपन बचाओ आंदोलन के देशराज सिंह की सूचना पर की। पुलिस टीम ने सोमवार दोपहर को भट्टा बस्ती थाना इलाके में पुलिस के सहयोग से गुजराती पार्क के सामने, भट्टा बस्ती में एक मकान पर छापा मारा। जहां चूड़ी बनाने का कारखाना चल रहा था। वहां 11 नाबालिग बच्चे चूड़ी बनाने का काम कर रहे थे। वहां मौजूद आरोपी संचालक लड्डू ठाकुर को पुलिस ने पकड़ लिया। जबकि दूसरा आरोपी तवरेज पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगने पर मौके से फरार हो गया। भट्टाबस्ती थाना पुलिस मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान कर रही है।