इंदौर में चूड़ी विक्रेता का वीडियो वायरल होने के बाद राजस्थान के अजमेर से एक और वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ लोग एक युवक की पिटाई कर रहे हैं और उससे पाकिस्तान जाने के लिए कह रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस का कहना है कि यह वीडियो 20 अगस्त का है, इसमें पांच लोगों को हिरासत में लिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना रामगंज थाना क्षेत्र के सुभाष नगर की है। सर्किल ऑफिसर मुकेश कुमार सोनी ने बताया कि यह वीडियो 20 अगस्त को वायरल हुआ था, जिसके बाद हमने मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि पीड़ित युवक राजस्थान का रहने वाला नहीं था, वह किसी और राज्य से यहां आया था।
यहां कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक को कई लोग घेर कर खड़े हैं, उसमें से एक उससे पाकिस्तान जाने के लिए कह रहा है। मुकेश कुमार सोनी ने बताया कि घटना के बाद पांच लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें अगले ही दिन मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर दिया गया था, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। उन्होंने कहा कि पीड़ित का पता अभी तक नहीं लग पाया है, जिस कारण एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। क्योंकि, पूरे देश से अजमेर शरीफ दरगाह पर लोग आते हैं। सूत्रों से पता चला है कि युवक उत्तर प्रदेश का रहने वाला हो सकता है।
कॉस्टेबल गजेंद्र ने बताया कि जिन लोगों को हिरासत में लिया गया था, उनके नाम ललित शर्मा, सुरेंद्र, तेजपाल, रोहित शर्मा व शैलेंद्र थे। पुलिस का कहना है कि पांचों के खिलाफ सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।