दामजूर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि मेरे खिलाफ 10 कारण बताओ नोटिस जारी हो जाएं तो भी शायद इसके कोई मायने हों। मैं हर किसी से एकजुट होकर मतदान करने के लिए कह रही हूं, न कि किसी को बांटने की कोशिश कर रही हूं। अब तक नरेंद्र मोदी के खिलाफ कितनी शिकायत दर्ज हुईं? वह तो रोजाना हिंदू-मुस्लिम करते रहते हैं।
ममता बनर्जी ने अपने भाषण के दौरान चुनाव आयोग के साथ-साथ भाजपा नेताओं को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम के मुस्लिमों को पाकिस्तानी कहने वाले लोगों के खिलाफ अब तक कितनी शिकायतें दर्ज हुईं? क्या वे शर्मिंदा नहीं हैं? वे मेरे खिलाफ कुछ नहीं कर सकते। मैं हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई के अलावा जनजातियों के भी साथ हूं।
ममता बनर्जी ने टीएमसी के पूर्व नेता राजीव बनर्जी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, 'मुझे दुख है कि मैंने पिछले चुनाव में गद्दार मीर जाफर (राजीव बनर्जी) को इस विधानसभा क्षेत्र से 2016 में चुनाव लड़ने का मौका दिया। जब वह सिंचाई मंत्री थे तो उनके बारे में काफी शिकायतें मिलीं। इसके बाद मैंने उन्हें पद से हटा दिया और वन मंत्री बना दिया।'