प्रियंका गांधी ने आधी आबादी की नब्ज कस कर पकड़नी शुरू कर दी है। कुछ दिन पहले प्रियंका गांधी ने जहां उत्तर प्रदेश में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने का फैसला किया। वहीं अब सरकार बनने पर इंटर पास लड़कियों को स्मार्टफोन और स्नातक लड़कियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का बड़ा चुनावी वादा कर दिया। प्रदेश कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक सिर्फ यह वादा ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश में होने वाली किसी भी घटना पर प्रियंका का अति सक्रिय होकर वहां पहुंचना और फिर पूरे मामले को हाईजैक करना भी कांग्रेस पार्टी में एक नई जान फूंकने जैसा दिख रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक प्रियंका गांधी की सक्रियता जिस तरीके से उत्तर प्रदेश की राजनीति में बढ़ी है, वह निश्चित तौर पर अन्य दलों के लिए चुनौती साबित हो सकती है।
प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के चुनावों में (UP election 2022) जिस तरीके से महिलाओं को आगे लाने के तमाम प्रयास करने शुरू किए हैं, वह राजनीति में दिखने वाला एक अलग प्रयास माना जा रहा है। कांग्रेस पार्टी भी इसे आधी आबादी के लिए एक बदलता हुआ संकेत मान रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि आने वाले चुनाव में जिस तरीके से प्रियंका गांधी और महिलाओं के लिए उनके प्रयासों को लेकर राजनीतिक प्रचार प्रसार किया जा रहा है, वह उन्हें अन्य प्रतिद्वंदी पार्टियों से आगे लेकर जाएगा। उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों के लिए बनाई गई प्रमुख कमेटी के वरिष्ठ कांग्रेसी सदस्य का कहना है कि जिस तरीके से प्रियंका गांधी ने इंटरपास लड़कियों के लिए स्मार्टफोन और स्नातक लड़कियों के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का एलान किया है वह निश्चित तौर पर एक बदलते हुए परिवेश में महिलाओं को आगे लाने का एक प्रयास है।
प्रियंका गांधी के आक्रामक रुख से उत्तर प्रदेश के चुनाव में कांग्रेस का नफा-नुकसान सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही नहीं बल्कि अन्य राजनीतिक पार्टियां और राजनीतिक विश्लेषक भी करने लगे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय में राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता प्रोफेसर जगत एन पुंडीर कहते हैं कि प्रियंका गांधी ने महिलाओं को लेकर जो नब्ज पकड़ी है वह राजनीति में निश्चित तौर पर एक बड़ा और अहम कदम माना जा रहा है। वे कहते हैं कि अगर आप प्रियंका गांधी की छवि को लेकर पिछले कुछ दिनों की तस्वीरें और कुछ दिनों की घटनाओं पर नजर डालेंगे तो उनकी एक महिला को सांत्वना देने वाली और महिलाओं के साथ खड़ी होने वाली नेता के तौर पर सामने आ रही है। वह कहते हैं, मामला चाहे लखीमपुर, हाथरस, सीतापुर, आगरा या फिर सोनभद्र का रहा हो, आप इन सभी जगहों पर हुई घटनाओं में में प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवार की महिलाओं को गले लगा कर जो संदेश दिया है, वह उनकी महिलाओं के साथ खड़े होने वाली इमेज और परसेप्शन को मजबूत करती है। सभी जगहों पर प्रियंका की महिलाओं के साथ इमोशनल तस्वीरें सामने आई बल्कि एक इमेज भी उसी तरीके की बनकर सामने आई।