अमेरिका के टेक्सास में स्कूल में गोलीबारी
- फोटो : social media
अमेरिका के टेक्सास के हॉल्टोम सिटी में शनिवार को गोलीबारी में दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। इस गोलीबारी में तीन अधिकारियों सहित चार अन्य लोग घायल भी हुए हैं। अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस सार्जेंट रिक अलेक्जेंडर ने बताया शनिवार की रात को हॉल्टोम सिटी में गोलीबारी की घटना हुई थी। इस दौरान एक महिला घर के अंदर मृत पाई गई थी। इसके अलावा एक आदमी को घर बाहर गोली मारी गई थी। इन दोनों के अलावा 911 पर कॉल करने वाली एक बुजुर्ग महिला को गोली मार दी गई थी। हालांकि उसके बचने की उम्मीद थी। अलेक्जेंडर ने बताया कि हालटॉम सिटी में हुई गोलीबारी में तीन अधिकारियों को भी गोली लगी है। शनिवार की रात को उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थानीय पुलिस का कहना है कि बंदूकधारी ने घटना को अंजाम देकर खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। उसके शरीर के पास एक सैन्य शैली की राइफल और एक हैंडगन थी।
अलेक्जेंडर ने बताया कि गोलीबारी की सूचना पर पुलिस को डायमंड ओक्स ड्राइव नॉर्थ के 5700 ब्लॉक में एक आवास पर बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि घटना की जांच के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि अमेरिका में आए दिन गोलीबारी की घटनाएं होती रहती हैं। गन वायलेंस आर्काइव के अनुसार, शनिवार की घटना को मिला कर इस साल पूरे अमेरिका में 302 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं।
संयुक्त राज्य अमेरिका में बंदूक हिंसा की बढ़ती घटनाओं को लेकर हाल ही में राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा था कि बच्चों और परिवारों की सुरक्षा के लिए अमेरिका को हथियारों पर प्रतिबंध लगाने या उन्हें खरीदने के लिए उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने की आवश्यकता है। उवालदे, बफ़ेलो और टेक्सास में हाल ही में हुई सामूहिक गोलीबारी की घटनाओं के बाद 22 जून को अमेरिकी सांसदों ने द्विदलीय बंदूक सुरक्षा बिल पर एक बहुप्रतीक्षित प्रस्ताव पारित किया था। नए विधेयक का उद्देश्य बंदूक की बिक्री पर प्रतिबंध लगाना था।