फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Top News: मोहन माझी-चंद्रबाबू नायडू आज सीएम की शपथ लेंगे; नए सेना प्रमुख के नाम का एलान, पढ़ें आज की अहम खबरें

Wed, 12 Jun 2024 08:09 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
बिग न्यूज - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

मोहन चरण माझी आज ओडिशा के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। वहीं, तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू भी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मंगलवार को टीडीपी और एनडीए ने नायडू को अपने विधायक दल का नेता चुना था।  इसके अलावा, लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी देश के नए सेना प्रमुख होंगे। मौजूदा सेनाध्यक्ष जनरल मनोज सी पांडे 30 जून को रिटायर हो रहे हैं। वे उनकी जगह लेंगे। साथ ही, जेपी नड्डा के केंद्र में मंत्री बनने के बाद भाजपा को अपने नए अध्यक्ष के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। पार्टी फिलहाल किसी को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर सकती है। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...

विज्ञापन

मोहन चरण माझी - फोटो : एएनआई
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी का शपथ ग्रहण समारोह आज
भाजपा पहली बार ओडिशा में अपनी सरकार बनाने जा रही है। भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण 12 जून यानी आज होना है। क्योंझर से विधायक मोहन चरण माझी भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके साथ राज्य के डिप्टी सीएम के रूप में केवी सिंह देव और प्रवती परिदा भी शपथ लेंगे। माझी के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2:30 बजे पहुंचेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 5 बजे होगा। इसके लिए भुवनेश्वर के जनता मैदान को संवारा जा रहा है। ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि कई राज्यों के मुख्यमंत्री और जानी-मानी हस्तियां शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी। पढ़ें पूरी खबर

चंद्रबाबू नायडू - फोटो : ANI
चंद्रबाबू नायडू आज आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे
आज चंद्रबाबू नायडू आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मंगलवार को टीडीपी और एनडीए ने नायडू को अपने विधायक दल नेता चुना था और वह चौथी बार बतौर सीएम आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। चंद्रबाबू नायडू के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहेंगे। मंगलवार को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद विजयवाड़ा में टीडीपी, भाजपा, जनसेना गठबंधन के नेताओं ने राज्यपाल एस अब्दुल नजीर से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया था। पढ़ें पूरी खबर

लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी - फोटो : अमर उजाला
लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी होंगे नए सेना प्रमुख
डिप्टी आर्मी चीफ लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी नए सेना प्रमुख होंगे। वह जनरल मनोज पांडेय की जगह लेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी की नियुक्ति में सरकार ने वरिष्ठता के सिद्धांत का पालन किया है। रक्षा मंत्रालय ने इस बारे में जारी एक बयान में कहा, सरकार ने वर्तमान सेना उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी को अगला सेना प्रमुख बनाने का फैसला लिया है। उनकी नियुक्ति 30 जून से प्रभावी होगी। पढ़ें पूरी खबर

जेपी नड्डा - फोटो : ANI
भाजपा अध्यक्ष के लिए अभी करना होगा इंतजार!
भाजपा को अपने नए अध्यक्ष के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है और पार्टी फिलहाल किसी को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर सकती है। दरअसल, वर्तमान पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के केंद्र में मंत्री बनने के बाद यह तो तय माना जा रहा है कि पार्टी में अध्यक्ष का चेहरा बदलेगा, लेकिन यह तत्काल नहीं होगा। अध्यक्ष पद पर नड्डा का कार्यकाल 30 जून को खत्म हो रहा है। पार्टी नए अध्यक्ष के चयन से पहले नए सदस्यता अभियान की शुरुआत करेगी और उसके बाद राज्यों में संगठन के चुनाव कराएगी। राजनीतिक दलों के अध्यक्ष के चुनाव के लिए तय नियमों के अनुसार अध्यक्ष के चयन से पहले कम से कम 50 फीसदी राज्यों में पार्टी संगठन का चुनाव पूरा होना जरूरी है। ऐसे में या तो नड्डा का कार्यकाल बढ़ाया जाएगा या किसी नेता को फिलहाल कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर काम चलाया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर

विदेश मंत्री एस जयशंकर - फोटो : एएनआई
दो भारतीयों की मौत के बाद भारत ने रूस पर बढ़ाया दबाव
रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष में हाल ही में दो भारतीय नागरिकों के मारे जाने की खबर मिली है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इस बारे में एक बयान जारी कर जानकारी दी। साथ ही कहा कि दोनों भारतीय नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती किया गया था। विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत ने रूस के साथ इस मामले को दृढ़ता से उठाया है और रूसी सेना में शामिल सभी भारतीय नागरिकों की शीघ्र रिहाई और वापसी की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर

आतंकी का हुलिया - फोटो : DISTRICT POLICE REASI
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकी का स्केच जारी किया
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को रियासी जिले में एक यात्री बस पर हमले में शामिल एक आतंकवादी का स्केच जारी किया और उसके बारे में जानकारी देने वाले को 20 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की। रविवार को, आतंकवादियों ने तीर्थयात्रियों को ले जा रही 53 सीटों वाली बस पर उस समय गोलीबारी की जब वह पोनी क्षेत्र के तेरयाथ गांव के पास शिव खोड़ी मंदिर से कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर जा रही थी। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से तीर्थयात्रियों को लेकर आ रही बस गोलीबारी के बाद गहरी खाई में गिर गई, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 41 अन्य घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर

दिल्ली-एनसीआर में लू से परेशानी - फोटो : अमर उजाला
कठुआ में पारा 48 के पार, दिल्ली-यूपी में लू का कहर
उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। पहाड़ी राज्यों के मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में पारा 48.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जो अब तक सर्वाधिक तापमान है। जम्मू में भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया है। बिहार के कई इलाके लू की चपेट में हैं और मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले क्षेत्रों, बिहार, झारखंड, यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व ओडिशा के अलग-अलग क्षेत्रों में लू की स्थिति बनी हुई है। पढ़ें पूरी खबर

कठुआ जिले में आतंकी हमला - फोटो : अमर उजाला
कठुआ के हीरानगर में घर में घुसे आतंकी
जम्मू संभाग के कठुआ जिले के हीरानगर इलाके के सैडा सोहल गांव में मंगलवार की रात मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। आतंकियों ने एक घर में घुसकर परिवार वालों को बंधक बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर फायरिंग की। इसके बाद किसी तरह से परिवार वालों ने घर से निकलकर सुरक्षा बलों को सूचना दी। पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई है। एडीजीपी जम्मू आनंद जैन ने एक आतंकी के मारे जाने की पुष्टि की है। ऑपरेशन जारी है। हीरानगर में आतंकियों की गोलीबारी में घायल हुए दो नागरिकों को इलाज के लिए हीरानगर अस्पताल लाया गया है। पढ़ें पूरी खबर

कुमाऊं के जंगल में धधकी आग - फोटो : ANI
कुमाऊं के जंगल में धधकी आग से स्कूल के तीन कमरे जलकर राख
उत्तराखंड के जंगलों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद यह थम गई थी लेकिन एक बार फिर जंगल धधकने लगे हैं। जंगल की आग मंगलवार को रानीखेत के कुमाऊं विहार, मेथोडिस्ट चर्च, रिकॉर्ड ऑफिस, रानीझील के जंगल तक पहुंच गई। तेज हवा के कारण आग धीरे-धीरे केआरसी ब्रिगेडियर आवास के पास तक पहुंच गई। अग्निशमन विभाग रानीखेत के प्रभारी वंश नारायण यादव ने बताया कि मंगलवार को माल रोड एरिया में विभिन्न स्थानों पर जंगलों में आग लग गई। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

जलवायु परिवर्तन (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : ANI
जलवायु परिवर्तन से छह माह में 2500 मौतें
इस साल जलवायु परिवर्तन की घटनाओं से बिगड़ने वाले मौसम के चलते अब तक 2,500 लोगों की जान जा चुकी है और 41 बिलियन डॉलर (लगभग 3.43 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान हो चुका है। भारत में जारी प्रचंड गर्मी के बीच यह रिपोर्ट ब्रिटेन स्थित गैर सरकारी संगठन क्रिश्चियन एड ने जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले छह महीनों में खराब मौसम की ये घटनाएं संभावित रूप से जलवायु परिवर्तन के कारण हुई हैं। यह आकलन पिछले साल दिसंबर में दुबई में अंतरराष्ट्रीय जलवायु वार्ता (कॉप28) के बाद का है। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें