पनवेल पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह 3.30 से 4 बजे के बीच किनावली के पास एक पुल पर हुई, जब कार मुंबई-पनवेल रोड पर नेरल की ओर जा रही थी।
महाराष्ट्र के कर्जत और पनवेल रेलवे स्टेशनों के बीच मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक कार पुल से चलती मालगाड़ी पर गिर गई। इस दौरान एक स्थानीय आरपीआई पदाधिकारी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। घटना में दो घायल भी हुए हैं। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने घटना की जांच की मांग की है।
विज्ञापन
पनवेल पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह 3.30 से 4 बजे के बीच किनावली के पास एक पुल पर हुई, जब कार मुंबई-पनवेल रोड पर नेरल की ओर जा रही थी। मृतकों की पहचान धर्मानंद गायकवाड़ (41) और उनके चचेरे भाई मंगेश जाधव (46) और नितिन जाधव (48) के रूप में हुई।
अधिकारी ने बताया कि गायकवाड़ रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले समूह) का कार्यकर्ता था। मध्य रेलवे (सीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवराज मानसपुरे ने कहा कि मालगाड़ी पनवेल से रायगढ़ जिले के कर्जत की ओर जा रही थी और घटना के कारण इसके कुछ वैगन अलग हो गए।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारण सीआर का पनवेल-कर्जत खंड सुबह 3.43 बजे से सुबह 7.32 बजे तक बंद रहा। घटना के कारण केवल एक ट्रेन 17317 हुबली-दादर एक्सप्रेस को कर्जत-कल्याण मार्ग से डायवर्ट किया गया।