मुंबई पुलिस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : Social Media
बॉलीवुड पार्श्व गायिका श्रद्धा पंडित ने गुरुवार को कलाकारों के लिए प्रबंधन का कार्य करने वाले एक पेशेवर के खिलाफ उपनगरीय ओशिवारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पंडित ने अपनी शिकायत में धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, श्रद्धा पंडित और देव ठाकुर नाम का शख्स ये दोनों ही एक कलाकार प्रबंधन एजेंसी के लिए काम करते हैं। हाल ही में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कथित तौर पर आरोपी ने पंडित को वॉइस मैसेज भेजकर धमकी दी है।
उधर, धमकी देने के आरोपी ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि मुझ पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें शुक्रवार को पुलिस ने बुलाया है और वह अपना पक्ष रखेंगे। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने अब तक इस मामले में प्राथमिकी नहीं, केवल एक गैर-संज्ञेय शिकायत दर्ज की है।