राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने पार्टी के नेता व गिरफ्तारी पर भाजपा को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि देशमुख को जिन लोगों (भाजपा) ने जेल भिजवाने में भूमिका निभाई है, उन्हें इसकी कीमत ब्याज सहित चुकानी पड़ेगी। महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पवार ने अनिल देशमुख को बेगुनाह बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य में सत्ता से बेदखल होने से भाजपा परेशान है। दिल्ली की मदद से एनसीपी नेताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा को यह भी चेतावनी दी कि तुम्हें सौ फीसदी पराजित किए बिना शांत नहीं बैठेंगे। जिस परमबीर सिंह ने देशमुख पर आरोप लगाया उसे भगोड़ा घोषित किया गया है। लेकिन जांच होने तक मंत्रीपद से इस्तीफा देने वाले अनिल देशमुख जेल में हैं।
उन्होंने कहा कि दूसरे राज्य में हुई एक घटना को लेकर अमरावती, नांदेड़ और मालेगांव में दंगे भड़क उठे। इन दंगों में कुछ बुरे लोग शामिल थे। पुलिस इसकी जांच करेगी और सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कहा कि इन दंगों के जवाब में देश (भाजपा) पर शासन करने वाली पार्टी की विचारधारा से जुड़े लोगों ने एक और तरह का दंगा किया। उन्होंने अमरावती में दुकानों पर हमला किया और छोटे उद्यमों को जबरन बंद कर दिया। वहीं, शिवसेना प्रवक्ता व सांसद संजय राउत ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियां महाविकास आघाड़ी (एमवीए) नेताओं के पीछे पड़ी है। यह राजनीतिक बदला है, लेकिन हम डरेंगे नहीं।
नक्सलवाद को गंभीर समस्या बताया
पवार ने अर्बन नक्सलवाद पर कहा कि यह महाराष्ट्र में तेजी से पैर पसार रहा है। इससे मुंबई, नागपुर और पुणे जैसे शहरों में ज्यादा खतरा है। उन्होंने अर्बन नक्सलवाद को गंभीर समस्या बताया। पवार ने चेतावनी देते हुए कह कि अगर इस पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो यह समस्या काफी बड़ी हो जाएगी। पवार ने कहा कि नक्सली गतिविधियां ईस्टर्न महाराष्ट्र के सिर्फ रिमोट इलाकों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि अब अर्बन नक्सलवाद राज्य के बड़े शहरों में भी देखने को मिल रहा है।