शक्ति भोग फूड्स लिमिटेड की 3,269 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी में प्रवर्तन निदेशालय ने सीए रमन भुरारिया को गिरफ्तार किया है। ईडी के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि रमन पर धोखाधड़ी की साजिश रचने और सहयोग करने का आरोप में शुक्रवार को दिल्ली से दबोचा गया है।
विशेष अदालत द्वारा रमन की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज किए जाने के बाद ईडी ने उस पर शिकंजा कसा और सीए के कई ठिकानों पर दबिश दी। छापों के दौरान ईडी ने कई दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
एसबीआई के नेतृत्व वाले दस बैंकों के समूह के साथ 3,269 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी में सीबीआई की दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच शुरू की है। ईडी के मुताबिक, सीए रमन भुरारिया ने कर्ज की रकम को अलग-अलग मुखौटा कंपनियों के नाम पर घुमाने और फर्जीवाड़े को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई थी।
इन लोगों ने फर्जी खरीद और बिक्री दिखाकर कर्ज की रकम को ठिकाने लगाया। गिरफ्तारी के बाद भुरारिया को शुक्रवार को ही विशेष अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 20 अगस्त तक ईडी की हिरासत में भेजा गया है। ईडी ने जुलाई में शक्ति भोग फूड्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं एमडी केवल किशन कुमार को गिरफ्तार किया था।
एसबीआई के अनुसार, निदेशकों ने लोगों के पैसे को हड़पने के लिए कथित तौर पर खातों में हेराफेरी की और जाली दस्तावेज तैयार किए। बैंक ने कहा था कि 24 साल पुरानी कंपनी की 2008 में कारोबार वृद्धि 1411 करोड़ रुपये थी जो 2014 में बढ़कर 6,000 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी आटा, गेंहू, चावल, बिस्किट आदि बनाने व बेचने के व्यापार में है। ईडी ने कहा कि उनपर आरोप है कि उन्होंने कुछ कंपनियों द्वारा संदिग्ध खरीद-फरोख्त के जरिए कर्ज खाते के पैसे को हेराफेरी करके बाहर भेज दिया।