पश्चिम बंगाल के संदेशखाली को लेकर उठे विवाद पर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने हो गए हैं। तमाम राजनीतिक दलों ने पश्चिम बंगाल सरकार पर तीखा हमला करते हुए राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप लगाया है। इस बीच, सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को भाजपा पर हमला किया है। 24 उत्तरी परगना जिले के संदेशखाली इलाके में अशांति फैलाने का आरोप ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाया है। उन्होंने कहा कि हमने टीएमसी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की, लेकिन भाजपा का नेतृत्व कभी भी अपने दोषी कार्यकर्ताओं और नेताओं पर कार्रवाई नहीं करता है। साथ ही राजनीतिक कटाक्ष करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा, वामपंथी और कांग्रेस (राम, वाम, श्याम) एक-दूसरे से मिले हुए हैं।
हमने अपने आरोपी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की
संदेशखाली में विपक्षी नेताओं के दौरे के बीच ममता बनर्जी ने कहा कि हम हमेशा से राज्य में कुछ भी अलग होने पर कड़ी कार्रवाई करते हैं, चाहे उनमें हमारे नेताओं भी क्यों न शामिल हो। भाजपा संदेशखाली की घटना के जरिए राज्य को अशांत करने की कोशिश कर रही है। अगर कोई आरोप है, तो हम कार्रवाई करेंगे। मैंने पुलिस से मामले पर संज्ञान लेने को कहा है। हमारे ब्लॉक अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेरा एक ही सवाल है कि घटना के बाद से ही टीएमसी नेताओं पर हमने ताबड़तोड़ कार्रवाई की, लेकिन क्या कभी भाजपा ने ऐसा किया है। भाजपा पूरी तरह से महिला, बंगाल, किसान,दलित विरोधी है।
राम-वाम-श्याम ने हाथ मिला लिया- ममता बनर्जी
केंद्र पर हमला करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि वे हमारे खिलाफ ईडी, सीबीआई का इस्तेमाल करते हैं। ध्यान रखें हमें चुनाव लड़ने और अपनी राय रखने का पूरा अधिकार है। पहले मुझे वामपंथियों की यातनाओं का सामना करना पड़ा और अब भाजपा हमें प्रताड़ित कर रही है। राम-वाम-श्याम (भाजपा, लेफ्ट, कांग्रेस) के एक-दूसरे के साथ मिल गए हैं। किसानों के प्रदर्शन पर बोलते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पंजाब और दिल्ली में किसानों का विरोध हो रहा है। भाजपा हर जगह अराजकता पैदा करती है। यहां तक कि देश के कई समुदायों को आपस में लड़ाया जा रहा है। हम किसानों को अन्नदाता कहते हैं। लेकिन आप देखिए भाजपा उनके साथ कैसा व्यवहार कर रही है। इस बीच, ममता बनर्जी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा एनआरसी और सीएए को लागू करने की साजिश रची जा रही है। मैं आप सभी से कहना चाहती हूं कि आप सभी सतर्क रहें, वे हमारे साथ खेल रहे हैं।
केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल हमारे खिलाफ हो रहा- ममता
बीरभूम जिले के सूरी में राज्य सरकार द्वारा आयोजित एक सार्वजनिक वितरण कार्यक्रम में बोलते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोपों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) का इस्तेमाल किया जा रहा है। हमारे नेताओं जानबूझकर सलाखों के पीछे डाला जा रहा है। 1975-77 के आपातकाल का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि 2,000 से अधिक लोगों को जेल में डालने के बाद भी प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी चुनाव नहीं जीत सकीं। आज भी, अगर कोई लोगों को धमकाकर, सीबीआई, ईडी और चुनाव आयोग का इस्तेमाल करके और लोगों को जेल में डालकर यही बात सोचता है, तो मैं कहूंगी कि हमें भी इसका विरोध करने का अधिकार है।