इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष पीटर डटन के बीच दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक हुई। इसमें राजनाथ सिंह ने कहा कि कोरोना के इस चुनौती भरे समय में भी आपकी भारत यात्रा हमारी मजबूत दोस्ती और रिश्ते का सबूत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया ने शांतिपूर्ण, सहकारी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए हमेशा मिलाकर काम किया है।
प्रतिनिधमंडल स्तर की बैठक के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री पीटर डटन के साथ मेरी द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के साथ क्षेत्री मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। हम दोनों भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की सभी संभावनाओं को साकार करने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने के लिए उत्सुक हैं।
आज हमारी चर्चा हमारे द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और सेनाओं के बीच मिलिट्री इंगेजमेंट में विस्तार करने, रक्षा सूचना को साझा करने को बढ़ाने, उभरती रक्षा प्रौद्योगिकियों में सहयोग और आपसी लॉजिस्टिक सपोर्ट पर केंद्रित थे। भारत पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और विकास के लिए ऑस्ट्रेलिया के साथ एक मजबूत साझेदारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री पीटर डटन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की इंडो-पैसिफिक रणनीति के लिए भारत का नेतृत्व जरूरी है। हम दुनिया के महत्वपूर्ण महासागरों में से एक को साझा करते हैं। हम दोनों एक स्थिर, लचीला, सुरक्षित और रणनीतिक पड़ोस चाहते हैं।