केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी अपने घर पर गणपति की प्रतिमा स्थापित की। उन्होंने घर पर ही बप्पा की पूजा-अर्चना की। बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना की वजह से राज्य सरकार ने गणेश चतुर्थी पर कई पाबंदियां लगा रखी हैं।
पंजाब में कोरोना के मद्देनजर पाबंदियों को 30 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किए। आने वाले दिनों में त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया गया है। राज्य में राजनीतिक और अन्य जमावड़ों में 300 लोगों की सीमित संख्या की मंजूरी होगी। मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा।
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने महाराष्ट्र की उद्धव सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान भी राज्य सरकार पाबंदियां लगा रही है। यह गलत है। यह हिंदू विरोधी सरकार है। उन्हें उसी वक्त पाबंदियों की याद आती है, जब हिंदुओं के त्योहार आते हैं। शिवसेना सिर्फ हिंदूत्व की बातें करती है, लेकिन उनका हिंदूत्व उसी वक्त खत्म हो गया था, जब उन्होंने भाजपा से किनारा किया था।
वहीं, पुणे में भी शुक्रवार को गणेश उत्सव की शुरुआत हुई। भक्तों ने अपने घरों और पंडालों में गणपति का स्वागत किया। हालांकि, कोरोना महामारी की वजह से जुलूसों और सभाओं पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह लगातार दूसरा साल है जब महाराष्ट्र का सबसे लोकप्रिय त्योहार धूमधाम से दूर और सादगी से मनाया जा रहा है। सरकार और प्रशासन ने कोरोना के बढ़ते मामलों और तीसरी लहर की आशंकाओं की वजह से त्योहारों के बीच भी पाबंदियां लगाई गई हैं।