रेलवे से रिटायर कर्मियों को चिकित्सीय सुविधा बेहतर मिले, इसके लिए रेलवे उनके लिए स्मार्ट कार्ड जारी करने जा रहा है। शनिवार को रेलवे बोर्ड के सदस्य कार्मिक प्रदीप कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए स्मार्ट कार्ड की व्यवस्था की जा रही है। इस कार्ड के माध्यम से सेवानिवृत्त रेलकर्मी आपात स्थिति में सीजीएचएस से जुड़े अस्पतालों में नि:शुल्क इलाज करा सकेंगे।
सदस्य कार्मिक ने उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) मुख्यालय में आयोजित बैठक में महाप्रबंधक अरुण सक्सेना की मौजूदगी में बताया कि स्मार्ट कार्ड सुविधा के लिए हर जिले में एक अस्पताल को संबद्ध किया गया है, जहां से यह सुविधा ली जा सकती है। साथ ही यदि रेलकर्मी अन्य शहर में हैं तो वह वहां के सीजीएचएस से जुड़े अस्पताल में कार्ड दिखाकर इलाज करवा सकता है।
प्रदीप कुमार ने आधार कार्ड की आवश्यकता पर भी बल दिया। कहा कि अफसर एवं कर्मचारी अपना और परिजनों के आधार नंबर आवश्यक रूप से विभाग में दर्ज करवा दें। बैठक में रेल परियोजनाओं की फंडिंग की चर्चा की। बैठक में अपर महाप्रबंधक वाईपी सिंह, सीएससी सुनील कुमार सिंह आदि अफसर मौजूद रहे।