पर्यटन विभाग की ओर से वृंदावन में प्रस्तावित होली महोत्सव निरस्त हो सकता है। आयोजन के संबंध में राधारानी मंदिर के सेवायत गोस्वामी और ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत की। शुक्रवार को शाम सात बजे समाज गायन में गोस्वामी परिकर ने कहा कि यदि 16 मार्च को वृंदावन में होने वाली होली को स्थगित नहीं किया गया तो बरसाना-नंदगांव का गोस्वामी समाज 17 मार्च को लठमार होली नहीं खेलेगा।
समाज में यह निर्णय सभी की सहमति से लिया गया। नगर पंचायत कार्यालय में डीएम के साथ बैठक में गोस्वामी समाज के मुखिया रामभरोसी गोस्वामी ने कहा कि बरसाना की होली परंपरागत
है। संजय गोस्वामी एडवोकेट ने यह आयोजन बरसाना में कराने की बात कही।
नंदगांव के सेवायत ताराचंद गोस्वामी ने कहा कि इस तरह सारे परंपरागत उत्सव धीरे धीरे समाप्त होते चले जाएंगे। मंदिर रिसीवर मनमोहन गोस्वामी और गोकुलेश कटारा ने कृष्ण जन्मभूमि पर होने वाली लठामार होली का विरोध किया।
डीएम राजेश कुमार ने कहा कि यह आयोजन मंच के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके जरिए विदेशी पर्यटकों को लुभाने की कोशिश की जा रही है। किसी की भावना आहत न हो इसलिए इस कार्यक्रम को बरसाना में कराने पर विचार किया जाएगा।