राकांपा प्रमुख शरद पवार ने शुक्रवार को कहा कि अनिल देशमुख को 'हताशा' के चलते परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है क्योंकि उनके और उनके परिवार के खिलाफ जांच में कुछ भी सामने नहीं आया है। उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने देशमुख की संपत्तियों पर छापेमारी की है।
ईडी ने शुक्रवार को देशमुख के नागपुर और मुंबई स्थित आवासों पर छापेमारी की। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद राकांपा नेता देशमुख ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
पवार ने कहा कि पहले कुछ (केंद्रीय) एजेंसियों ने उनके बेटे के कारोबार पर ध्यान दिया था... जहां तक मुझे पता है, उन्हें कुछ नहीं मिला। इसलिए हताशा में, यह कोशिश की जा रही है कि क्या उन्हें (अनिल देशमुख) को किसी अन्य तरीके से परेशान किया जा सकता है।
पवार ने कहा कि ये सभी चीजें हमारे लिए नई नहीं हैं। अनिल देशमुख (ऐसी कार्रवाई का सामना करने वाले) पहले नहीं हैं। सत्ता में रहने वालों ने सत्ता के इस्तेमाल का एक नया चलन दिखाया है। अब उस मुद्दे पर बात करने की अब जरूरत नहीं है। हम इसके बारे में बिल्कुल भी चिंतित नहीं हैं।