भाजपा नेता संबित पात्रा (file photo)
- फोटो : Twitter@Bjp live
पेगासस मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद कांग्रेस और भाजपा में घमासान छिड़ गया है। पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसे लेकर सरकार और भाजपा को घेरा, फिर भाजपा की तरफ से संबित पात्रा ने पलटवार किया। उन्होंने राहुल को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह बार-बार झूठ दोहराते हैं।
भ्रम और राहुल गांधी का गहरा रिश्ता
पात्रा ने कहा, आज सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय को लेकर राहुल गांधी ने फिर उन्हीं शब्दों का उच्चारण किया, जो वो हमेशा करते हैं। भ्रम और राहुल गांधी का गहरा रिश्ता रहा है। झूठ बोलना, भ्रम फैलाना ये राहुल गांधी की आदत रही है।
पात्रा ने कहा कि सरकार के हलफनामे के मुताबिक, विशेषज्ञ कमेटी इस मामले की जांच करेगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आज ये कमेटी बनी है और मामले की जांच करेगी। भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पूरी तरह विश्वास रखती है।
सुप्रीम कोर्ट ने दिया ये फैसला
पेगासस जासूसी मामले की स्वतंत्र जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को आदेश जारी कर दिए। इसके तहत शीर्ष अदालत ने तीन सदस्यीय विशेषज्ञ कमेटी का गठन कर दिया। इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश आरवी रवींद्रन करेंगे। इसके अलावा पूर्व आईपीएस अधिकारी आलोक जोशी और डॉ. संदीप ओबेरॉय (तकनीकी विशेषज्ञ) कमेटी के अन्य सदस्य होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने कमेटी को आरोपों की पूरी तरह से जांच करने और अदालत के समक्ष रिपोर्ट पेश करने के लिए आठ सप्ताह का समय दिया है।
सच्चाई की जांच के लिए कमेटी का गठन: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पेगासस की सच्चाई की जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि निजता के अधिकार के उल्लंघन की जांच होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भारत के नागरिकों की निगरानी में विदेशी एजेंसी की संलिप्तता एक गंभीर चिंता का विषय है।