राहुल गांधी स्व. पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए।
- फोटो : ani
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पहली पुण्यतिथि पर शुक्रवार को दिल्ली में उनके बेटे चिराग पासवान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद सुप्रीमो लालू यादव, पूर्व सीएम राबड़ी देवी समेत तमाम नेता शामिल हुए। स्व. पासवान के भाई व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने भी पटना में अलग कार्यक्रम रखा।
राहुल गांधी बोले- लालू प्रसाद यादव को स्वस्थ देख अच्छा लगा
राहुल गांधी ने ट्वीट किया- 'श्री रामविलास पासवान जी की प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि। इस अवसर पर लालू प्रसाद यादव जी से भी भेंट हुई। उन्हें स्वस्थ देखकर अच्छा लगा।'
लालू यादव ने यह ट्वीट किया- 'संघर्ष के साथी दबे कुचलों की आवाज आदरणीय स्व. रामविलास पासवान की प्रथम पुण्यतिथि पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की।'
पिता के सबसे व्यक्तिगत व खूबसूरत संबंध थे : चिराग
कार्यक्रम में शामिल हुए नेताओं के प्रति आभार व पूज्य पिता को याद करते हुए चिराग पासवान ने कहा- 'मेरे नेता, मेरे आदर्श स्वर्गीय रामविलास पासवान, उनके व्यक्तिगत संबंध सबके साथ खूबसूरत थे। जितने भी राजनीतिक दल, सांसद और मंत्री हैं, सबने आकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
दिल्ली में इसलिए किया कार्यक्रम
स्व. पासवान की बरसी का कार्यक्रम इससे पहले 12 सितंबर को पटना में रखा गया था। इसमें राष्ट्रपति कोविंद, पीएम मोदी समेत तमाम बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया था। चूंकि यह कार्यक्रम पटना में था, इसलिए दिल्ली के नेता उसमें शरीक नहीं हो पाए थे। पीएम मोदी ने तब चिराग पासवान को फोन कर सांत्वना दी थी। पासवान का 8 अक्तूबर 2020 को निधन हो गया था। शुक्रवार को उनकी पहली बरसी थी।
केंद्रीय मंत्री पारस के कार्यक्रम में पहुंचे तेज प्रताप
उधर, लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस द्वारा पटना में आयोजित स्व. पासवान के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिरकत कर सबको चौंका दिया। तेज प्रताप जब लोजपा के पारस धड़े के प्रदेश कार्यालय पहुंचे तो वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। पारस ने तेज प्रताप का गर्मजोशी से स्वागत किया। तेज प्रताप ने इस मौके पर पशुपति पारस की इस मांग का समर्थन किया कि स्व. राम विलास पासवान को 'भारत रत्न' दिया जाए।