मेयर ने किया दावा : मुंबई में मरने वाले 94 फीसदी ने नहीं लिया था टीका
कोरोना की पहली और दूसरी लहर में सर्वाधिक प्रभावित रही देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मरीजों की मौतों पर आश्चर्यजनक खुलासा हुआ है। मेयर किशोरी पेडणेकर ने दावा किया कि फरवरी 2021 से अब तक कोरोना से जितनी मौतें हुई हैं, उनमें से 94 फीसदी मरीजों ने कोरोनारोधी टीके की एक भी खुराक नहीं ली थी।
मेयर ने कहा कि पिछले 15 दिन के मुकाबले मुंबई में दो दिन में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन ये आंकड़े उन लोगों के लिए चेतावनी हैं, जिन्होंने कोरोनारोधी टीके नहीं लगवाए हैं। टीका ही कोरोना वायरस का सुरक्षा कवच है। मुंबई में अब तक 1,01,53,823 लोगों को कोरोनारोधी टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। 83,49,063 लोग दोनों खुराक ले चुके है।
अब तक कोरोना से 16,400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा मौतें दूसरी लहर (10 फरवरी से जुलाई 2021 तक) में हुई हैं। महापौर ने कहा कि मुंबई में कोरोना फैलाने में डेल्टा की जगह अब ओमिक्रॉन ने ले ली है।
इससे पूर्व, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त आईएस चहल ने कुछ दिन पहले कहा था कि ओमिक्रॉन उन लोगों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है, जिन्होंने अब तक कोरोनारोधी टीके की एक भी खुराक नहीं ली है। उन्होंने कहा कि मुंबई के अस्पतालों में ऑक्सीजन सपोर्ट पर 96 फीसदी लोग ऐसे हैं, जिन्होंने अब तक टीके की एक भी खुराक नहीं ली है।
दिल्ली : विधानसभा अध्यक्ष गोयल पॉजिटिव
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। बुधवार को ट्वीट कर उन्होंने इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उनका कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है। पिछले कुछ दिनों के दौरान उनके संपर्क में आए लोगों से अनुरोध है कि वे अपना कोरोना टेस्ट जरूर करवाएं। साथ ही सावधानी बरतने की भी अपील की है।
दिवंगत अभिनेता इरफान खान की पत्नी सुतापा कोरोना सक्रमित
बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता इरफान खान की पत्नी व लेखक-निर्माता सुतापा सिकदर कोरोना संक्रमित हो गई हैं। उन्होंने बुधवार को ट्वीट किया, कोरोना संक्रमित होने के कारण मैं अपने एक करीबी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाई, मुझे इसका बहुत दुख है। मुंबई आने के बाद मैं और मेरे पति इन्हीं के पास ठहरे थे। सिकदर (54) ने कहा कि उन्हें इस बात का बेहद दुख है कि शहर में होने के बावजूद वह उन्हें (रिश्तेदार को) श्रद्धांजलि नहीं दे पाईं।