ओडिशा में कोरोना वायरस ने एक बार फिर प्रशासन से प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। यहां शनिवार को सामने आए 262 मामलों में 42 बच्चों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इसके बाद राज्य में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,45,471 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना से दो लोगों की मौत के बाद आंकड़ा 8,377 पहुंच गया है।
बच्चों में संक्रमण, खतरे की घंटी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों में कोरोना संक्रमण की दर बढ़कर 16.03 प्रतिशत पहुंच गई है, जो पिछले दिनों 14.97 प्रतिशत थी। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में अब तक 10,45,471 कोविड-19 मामलों की पुष्टि हुई है, जिसमें 90,368 शामिल हैं। ये बच्चे 0 से 18 वर्ष तक की उम्र के हैं।
दूसरी लहर में 46 बच्चों की हुई मौत
आंकड़ों के मुताबिक, ओडिशा में कोरोना की दूसरी लहर के बाद अब तक 46 बच्चों की मौत हुई है। इसमें 13 बच्चों की मौत तो 10 से 13 अगस्त के बीच हुई है। वहीं पिछले 24 घंटों में राज्य में दो मौते कोरोना के कारण हुईं, जिसमें एक मौत ढेंकनाल और दूसरी जगतसिंहपुर में हुई।
लगातार चौथे दिन 300 के नीचे मामले
राज्य में पिछले चार दिनों से कोरोना संक्रमण के मामले 300 के नीचे आ रहे हैं। गुरुवार को यहां 271 मामलों की पुष्टि हुई थी। तो शुक्रवार को 263, शनिवार को 262 मामले सामने आए।