केरल के पतनमथिट्टा जिले के थुलापल्ली में वन क्षेत्र के पास सोमवार को एक जंगली हाथी के हमले में 53 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। एरुमेली सबरीमला वन मार्ग पर हाथी ने स्थानीय ऑटो चालक बीजू पर हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि बीजू फसल नष्ट कर रहे हाथी की आवाज सुनकर अपने घर से बाहर आया था, तभी हाथी ने उस पर हमला कर दिया। बीजू के शव को कोट्टायम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
रॉयल थाई नेवी के कमांडर इन चीफ एडमिरल एडूंग पैन-लैम ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्हें साउथ ब्लॉक में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
बंगलूरू में मडीवाला-कोरमंगला सड़क पर रविवार की रात कार में सवार एक महिला को परेशान करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी अभी भी फरार है।
एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने घटना के दौरान पुलिस को फोन किया। महिला ने पुलिस को आरोपियों के वाहन का नंबर बताया, जिससे उन्हें पकड़ने में मदद मिली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ।
नांदेड़ में मराठा आरक्षण कार्यकर्ताओं ने अशोक चव्हाण की कार को घेरा
मराठा आरक्षण कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नांदेड़ के कोंधा गांव में नारेबाजी की और कांग्रेस से भाजपा शामिल हुए अशोक चव्हाण की कार को रोकने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उस समय चव्हाण नायगांव तहसील में लोगों से मिलने जा रहे थे। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें मराठा आरक्षण कार्यकर्ताओं को नारे लगाते और कार को रोकने की कोशिश करते हुए दिखाया गया है। अशोक चव्हाण ने एक वीडियो संदेश में कहा है कि प्रत्येक राजनेता को जनता से मिलने का अधिकार है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने भी मराठा आरक्षण के लिए काम किया है। भाजपा नेता ने कहा कि अगर कुछ लोग नारे लगा रहे हैं, तो उन्हें ऐसा करने दीजिए। कुछ राजनीतिक दलों के लोग लोगों के बीच गलतफहमी पैदा कर रहे हैं। इससे पहले मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने कहा था कि वे राजनीति में शामिल नहीं होना चाहते हैं लेकिन कुछ लोग आरक्षण आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।