केरल की एक स्थानीय विशेष अदालत ने शनिवार को जातिगत दुर्व्यवहार के मामले में मोहिनीअट्टम नृत्यांगना सत्यभामा को कड़ी शर्तों के साथ जमानत दे दी। केरल हाईकोर्ट ने 10 जून को सत्यभामा की अग्रिम जमानत याचिका को अनुमति देने से इन्कार करने के बाद वह नेदुमंगड में एससी/एसटी पीओए मामलों की विशेष अदालत के समक्ष पेश हुईं। अदालत ने 50,000 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत देते हुए कहा कि जब भी जरूरत हो वह जांच अधिकारी के सामने पेश हों और गवाहों को प्रभावित न करें। अदालत ने जमानत अवधि के दौरान उन्हें इस तरह का अपराध दोबारा न करने की चेतावनी भी दी। बता दें कि सत्यभामा पर एक यूट्यूब चैनल के साथ साक्षात्कार के दौरान एक साथी कलाकार के खिलाफ नस्लवादी टिप्पणी करने का आरोप है।
पुणे: 3672 करोड़ के मेफेड्रोन बरामदगी मामले की जांच एनसीबी करेगी
3,672 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन बरामदगी मामले की जांच अब नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) करेगी। अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार से सहमति और अदालत से आवश्यक अनुमति के बाद पुणे पुलिस ने जांच एनसीबी को सौंप दी है। नशीली दवाओं के भंडाफोड़ में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुणे पुलिस के अनुसार, उन्होंने फरवरी में महाराष्ट्र, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों से 3,672 करोड़ रुपये मूल्य का 1,836 किलोग्राम मेफेड्रोन (जिसे आमतौर पर 'म्याऊं म्याऊं' के नाम से जाना जाता है) जब्त किया था। साथ ही पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा भी किया था। रैकेट में शामिल लोगों ने दिल्ली स्थित एक कूरियर कंपनी को शामिल किया था और रेडी-टू-ईट फूड पैकेट में छिपाकर दवा की कुछ खेप लंदन भेजी थी। यह आरोप लगाया गया है कि मेफेड्रोन सिंडिकेट का मास्टरमाइंड भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक संदीप धुनय है। अधिकारियों ने कहा कि उसके खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है।
गुजरात: बच्ची 45 से 50 फीट गहरे बोरवेल में गिरी
गुजरात में अमरेली के सुरगापारा गांव में एक बच्ची 45 से 50 फीट गरे बोरवेल में गिर गई। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। बच्ची को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अग्निशमन अधिकारी एचसी गढ़वी ने कहा कि सुबह के 5:10 बजे बोरवेल से बाहर निकालने के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया।
महाराष्ट्र में पुलिस कांस्टेबल ने की आत्महत्या
महाराष्ट्र के शाहूनगर पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिस कांस्टेबल विजय सालुंखे ने अपने आवास में आत्महत्या कर ली। वह खराब स्वास्थ्य के कारण छुट्टी पर थे। उनके पास से एक सुसाइड नोट मिला। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
केरल में महसूस किए गए भूकंप के झटके
केरल के त्रिशूर और पलक्कड़ में शनिवार को 3.0 की तीव्रता से भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि कुन्नमकुलम, एरुमापेट्टी और पझांजी क्षेत्रों और पलक्कड़ जिले के कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए।
पुणे में धोखाधड़ी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे में फ्लैट देने का वादा करके 18 लोगों से चार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। यह धोखाधड़ी फरवरी 2017 से जून 2024 तक की गई। आरोपियों की पहचान अंतोष बाबूराव वाघमारे उर्फ टाइगरभाई, सहकारी बैंक के पूर्व सहायक महाप्रबंधक विनायक दिगंबर वाकणकर और बैंक के तत्कालीन वरिष्ठ क्लर्क जगदीश भाले के तौर पर की गई है। राबोडी पुलिस ने गुरुवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 465, 467, 468 और 120 बी के तहत मामला दर्ज किया है।
नागपुर विस्फोटक निर्माण इकाई में मरने वालों संख्या बढ़कर आठ हुई
महाराष्ट्र के नागपुर में गुरुवार को एक विस्फोटक निर्माण इकाई में हुए धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो चुकी है। शनिवार को अस्पताल में इलाज के दौरान एक कर्मचारी ने दम तोड़ दिया। 22 वर्षीय श्रद्धा वनराज पाटिल का नागपुर सिटी में इलाज चल रहा था। एक अन्य कर्मचारी प्रमोद चावरे का इलाज जारी है। इस हादसे में अबतक छह महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने यूनिट के मालिक और मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है।
विदेश मंत्रालय ने एसबीआई ने मिलकर समझौता ज्ञापन पर किया हस्ताक्षर
विदेश मंत्रालय और एसबीआई ने मिलकर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया। इसके तहत भारतीय प्रवासी श्रमिकों और ई-माइग्रेंट पोर्टल के उपयोगकर्ताओं को अपने भुगतान गेटवे एसबीआई ईपे के माध्यम से बैंक की एक अतिरिक्त डिजिटल भुगतान सेवा प्रदान करने का अवसर मिलेगा। ई-माइग्रेंट पोर्टल की शुरुआत 2014 में हुई थी। इसके माध्यम से प्रवासी भारतीय बीमा योजना जारी करने वाले विदेशी नियोक्ताओं, पंजीकृत भर्ती एजेंटों और बीमा कंपनियों को रोजगार के लिए आवश्यक देशों की जांच करने के लिए उत्प्रवास पर जाने वाले भारतीय श्रमिकों की सहायता की जाती है।
कुएं में तैरने के दौरान करंट लगने से लड़के की मौत
महाराष्ट्र में चेंबूर के माहुल गांव में एक कुएं में तैरने के दौरान करंट लगने से 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। एक होटल में पानी खींचने के लिए कुएं में अवैध तरीके से मोटर लगाया गया था। होटल के तीन मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें गिरफ्तार कर 18 जून तक पुलिस कस्टडी में रखा गया है।
केरल के त्रिशूर में आया 3.0 तीव्रता का भूकंप
केरल के त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के कुछ हिस्सों में शनिवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, भूकंप के झटके सुबह 8.15 बजे आए और इनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.0 मापी गई। त्रिशूर जिले के अधिकारियों का कहना है कि कुन्नमकुलम, एरुमाप्पेट्टी और पझांजी क्षेत्रों और पलक्कड़ जिले के कुछ हिस्सों में चार सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि,जान-माल का नुकसान होने की अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं है। राज्य भूविज्ञान विभाग के अधिकारी और अन्य लोग जानकारी लेने के लिए इन क्षेत्रों में गए हैं। देश में भूकंप गतिविधि की निगरानी के लिए भारत सरकार की नोडल एजेंसी एनसीएस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि भूकंप का केंद्र अक्षांश 10.55 उत्तर और देशांतर 76.05 पूर्व पर सात किलोमीटर की गहराई पर था।
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को रायगढ़ में डिप्थीरिया के प्रसार को रोकने का निर्देश दिया
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्रीय चिकित्सा अनुसंधान केंद्र (आरएमआरसी) को रायगढ़ जिले में डिप्थीरिया के मामलों की जांच करने और कारणों का पता लगाने तथा स्थिति को सामान्य करने के लिए हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया। आरएमआरसी द्वारा रायगढ़ जिले के काशीपुर ब्लॉक के मनुस्पदर गांव में डिप्थीरिया के कारण एक मौत की पुष्टि के बाद इस संबंध में निर्देश जारी किए गए। डिप्थीरिया के कारण संदिग्ध मौतों की श्रृंखला में यह पांचवां मामला था।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, 'समुदाय के सभी संवेदनशील व्यक्तियों को एंटीबायोटिक की रोगनिरोधी खुराक दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है।' मुख्यमंत्री ने पंचायती राज विभाग को पेयजल आपूर्ति प्रदान करने और जल्द से जल्द उस स्थान तक मोटर योग्य सड़क बनाने का भी निर्देश दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रायगढ़ जिले के काशीपुर ब्लॉक के मनुस्पदर गांव में एक महीने की अवधि में कम से कम पांच मौतें हुई हैं। यह गांव सुदूर और दुर्गम क्षेत्र में है। पिछले सप्ताह गांव में बीमारी का प्रकोप शुरू हुआ। डिप्थीरिया एक गंभीर जीवाणु संक्रमण है जो आमतौर पर नाक और गले की झिल्ली को प्रभावित करता है। रायगढ़ के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीडीएमओ) डॉ. लालमोहन राउत्रे ने कहा, 'रोग का पता लगाने के लिए प्रभावित व्यक्तियों के रक्त के नमूने एकत्र किए गए हैं और उन्हें परीक्षण के लिए भुवनेश्वर भेजा गया है।' इस बीच, स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने गांव का दौरा किया और घर-घर जाकर जांच और उपचार किया, अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य टीमें प्रतिदिन दौरा कर रही हैं और स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही हैं।
केरल में खदान के तालाब में दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत
शनिवार को कोट्टायम जिले के थ्रीकोडिथानम में पत्थर की खदान के तालाब में डूबने से दो स्कूली बच्चों की दुखद मौत हो गई। पोनपुझाक्कुन्नु के रहने वाले ये छात्र स्थानीय स्कूल में कक्षा 10 और कक्षा छह में पढ़ते थे। पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब वे खदान के तालाब में मछलियाँ पकड़ रहे थे।
संदेह है कि बच्चों में से एक पहले पानी में गिर गया। उन्होंने बताया कि दूसरा भी अपने दोस्त को बचाने की कोशिश में पानी में फिसल गया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव कर्मी इलाके में पहुंचे और तालाब में तलाशी शुरू की। पुलिस ने बताया कि कुछ देर बाद दोनों बच्चों के शव बाहर निकाल लिए गए।
'निवासियों के समग्र, समावेशी विकास के लिए काम करें', अरुणाचल के राज्यपाल ने विधायकों से कहा
अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनायक ने शनिवार को नवनिर्वाचित विधायकों से राज्य के प्रत्येक निवासी के समग्र और समावेशी विकास के लिए ईमानदारी और अथक प्रयास करने का आह्वान किया। विधानसभा में विधायकों को संबोधित करते हुए परनायक ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए कि कोई भी पीछे न छूटे।
उन्होंने कहा, 'नागरिकों की भलाई सुनिश्चित करना और सभी के लिए अवसर पैदा करना आपका कर्तव्य है, चाहे उनकी सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि कुछ भी हो। लोगों द्वारा दिया गया जनादेश निरंतर विकास, नीति स्थिरता और सुशासन की स्पष्ट इच्छा को दर्शाता है, क्योंकि मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में काम कर रही 'टीम अरुणाचल' राज्य की विकास यात्रा को महत्वपूर्ण रूप से बदलने में सक्षम रही है। राज्यपाल ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, खेल, कृषि और डिजिटल शासन सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और सभी हितधारकों को प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में प्रशासन और शासन में सुधारों के अगले चरण की पहचान करनी चाहिए और उसे लागू करना चाहिए। मंत्रिमंडल की पहली बैठक में सरकार ने 24 नागरिक-केंद्रित निर्णयों की पहचान की है, जो अगले 100 दिनों में आकार लेंगे।' राज्यपाल ने कहा कि 'सार्वजनिक सेवा के लिए त्याग, समर्पण और प्रतिबद्धता की आवश्यकता होती है, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए विधायक ईमानदारी और अथक रूप से इस बड़ी जिम्मेदारी को निभाएंगे।'
नीट खत्म कर, राज्यों को दी जाए मेडिकल प्रवेश परीक्षा कराने की छूट: शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने केंद्र सरकार से राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) को खत्म करने और राज्यों को अपनी प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने की अनुमति देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, नीट में अनियमितताएं गंभीर हैं। यह लाखों छात्रों के भविष्य का सवाल है।
शिवकुमार ने कहा, राज्यों की आयोजित परीक्षाओं में देश भर के छात्र भाग ले सकते हैं। कर्नाटक के छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। कर्नाटक ने कॉलेज बनाए हैं, लेकिन इससे उत्तर भारत के छात्रों को लाभ मिल रहा है। अपने ही छात्रों को वंचित किया जा रहा है। हमें इसके खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा। शिवकुमार ने साथ ही कहा कि केंद्र सरकार को नीट में अनियमितताओं की भी जांच करानी चाहिए। इससे पहले मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा था कि कड़ी मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हुआ है। इसकी जांच होनी चाहिए और दोबारा परीक्षा होनी चाहिए। सीएम ने कहा, कृपांक देना अच्छी परंपरा नहीं है। इसके जरिये किसी को पास नहीं किया जाना चाहिए।
केरल: भाजपा कार्यकर्ता के घर पर बम फेंकने के आरोप में एक गिरफ्तार
केरल पुलिस ने शनिवार को कन्नूर के न्यू माही पुलिस स्टेशन सीमा के तहत मनियूर में भाजपा कार्यकर्ता सनूप, राजीव निवास, कुरीचिल के घर पर बम फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।आरोपी की पहचान अरुण के (26) के रूप में हुई है। इससे पहले मई में भी कन्नूर में पुलिस वाहन के सामने बम फेंका गया था।
महाराष्ट्र: अदालत ने बीड सहकारी सोसायटी के निदेशकों की गिरफ्तारी को बताया अवैध
महाराष्ट्र की एक अदालत ने बीड जिले में ज्ञानराधा कोऑपरेटिव मल्टी-स्टेट क्रेडिट सोसायटी के दो निदेशकों की धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तारी को अवैध घोषित कर दिया। अदालत ने निर्देश दिया कि अगर वे किसी अन्य मामले में वांछित नहीं हैं तो उन्हें रिहा कर दिया जाए। हालांकि, दोनों को रिहा नहीं किया जा सका क्योंकि स्थानीय पुलिस ने उन्हें एक अन्य मामले में अदालत के बाहर गिरफ्तार कर लिया।
बीड पुलिस ने बैंक के अध्यक्ष सुरेश कुटे और संयुक्त निदेशक आशीष पाटोडेकर को जमाकर्ताओं को ठगने के आरोप में 7 जून को पुणे के पास हिंजवडी से गिरफ्तार किया था। वे 13 जून तक पुलिस हिरासत में थे। दोनों पिछले दो दिनों से नजरबंद थे क्योंकि अदालत उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाले उनके कई आवेदनों के कारण पुलिस की आगे की रिमांड की मांग वाली याचिका पर फैसला नहीं कर सकी थी। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद, माजलगांव के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बी जी धर्माधिकारी ने फैसला सुनाया।