कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने मंगलवार को विवादित बयान देते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिका जैसे देशों के आगे गुलाम की तरह व्यवहार कर रही है। वहीं, इस पर पलटवार करते हुए नवीन जिंदल ने कहा है कि गुलाम को हमेशा गुलाम ही दिखेगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने मंगलवार को एक विवादित टिप्पणी कर दी जिसे लेकर नवीन कुमार जिंदल ने उन्हें निशाने पर लिया है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार अय्यर ने कहा कि पिछले सात वर्षों से हमने देखा है कि गुट निरपेक्षता और शांति को लेकर कोई बात नहीं हुई है। हम इस तरह व्यवहार कर रहे हैं मानों अमेरिका के गुलाम हों, हम चीन से सुरक्षा के लिए भीख मांग रहे हैं। 2014 के बाद रूस के साथ हमारे संबंध बहुत खराब हुए हैं।
विज्ञापन
वहीं, अय्यर के इस बयान पर भाजपा नेता नवीन कुमार जिंदल ने पलटवार किया है। उन्होंने कू एप पर अपने आधिकारिक अकाउंट से अय्यर को गुलामी की मानसिकता रखने वाला शख्स करार दिया। जिंदल ने लिखा, 'हमेशा से गुलामी करके रोटी खाने वाला मणिशंकर अय्यर कह रहा है कि 2014 के बाद देश अमेरिका का गुलाम हो गया है। गुलाम को तो हमेशा गुलाम ही दिखेगा।' केंद्र की विदेश नीति को लेकर विपक्षी दल लंबे समय से सवाल उठाते आ रहे हैं।