राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के मौके पर केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में खुद हैंडलूम मशीन चलाई (देखें वीडियो) । इस कार्यक्रम का आयोजन कपड़ा मंत्रालय द्वारा किया गया था। गोयल ने इस मौके पर कहा कि अगले तीन सालों में हैंडलूम का निर्यात बढ़ाने पर जोर दिया।
कपड़ा मंत्री गोयल ने कहा कि 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें 'मेरा हथकरघा, मेरा अभिमान' का विचार दिया था। हैंडलूम सेक्टर को विकास की नई बुलंदी पर ले जाने के लिए सभी को आगे आना होगा। इस उद्योग की असल ताकत सामने लाना है।
गोयल ने कहा कि अभी हमारा सालाना हैंडलूम निर्यात करीब 2500 करोड़ रुपये है और उत्पादन 60 हजार करोड़ रुपये का है। हमें इसे बदलने की जरूरत है। आज संकल्प लें कि अगले तीन साल में 10 हजार करोड़ रुपये का निर्यात करेंगे और 1.25 लाख करोड़ रुपये का हथकरघा उत्पादन करेंगे। हैंडलूम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए एक कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी हैंडलूम उत्पादन दोगुना करने व निर्यात चार गुना करने के लिए बुनकरों की सहभागिता बढ़ाएगी।
खास महत्व है राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का
हर साल 7 अगस्त को देश में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया जाता है। 1905 में इस दिन स्वदेशी आंदोलन शुरू हुआ था। तभी कोलकाता के टाउनहॉल में एक महा जनसभा में स्वदेशी आंदोलन की औपचारिक रूप से शुरुआत की गई थी। भारत सरकार इसी की याद में हर वर्ष 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाती है। 7 अगस्त 2015 को पीएम मोदी ने चेन्नई में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाने की शुरुआत की थी। इसके बाद से यह हर साल मनाया जाता है। 7 अगस्त 2021 शनिवार को सातवां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया जा रहा है।