मुंबई रेव पार्टी मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद एनसीबी की कार्रवाई पर ही सवाल खड़े होने लगे हैं। अब एनसीपी नेता नवाब मलिक ने एनसीबी पर एक और आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि एनसीबी जबरन वसूली गिरोह चला रहा है और लोगों को परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को वह प्रेसवार्ता आयोजित कर एनसीबी के अन्य गलत कामों का पर्दाफाश करेंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं के दबाव में हुई कार्रवाई
इससे पहले नवाब मलिक ने मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज पर हुई कार्यवाई को फर्जी बताया था। उन्होंने कहा था कि यह पूरी रेड भाजपा से प्रभावित थी। पार्टी के कार्यकर्ता इसमें शामिल थे। उन्होंने कहा कि आर्यन खान और दिवंगत नेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में रिया चक्रवर्ती की गिरफ्तारी पूरी तरह से पब्लिसिटी स्टंट था। आरोप लगाया कि भाजपा नेता मनीष भानुशाली के साथ मिलकर एनसीबी लोगों को परेशान कर रही है और उन्हें अपने जाल में फंसा रही है।
वायरल फोटो पर भी उठाए सवाल
एनसीपी नेता ने एक वीडियो भी सार्वजनिक किया है। इसमें रेड के दौरान मनीष भानुशाली और केपी गोसावी एनसीबी टीम के साथ दिखाई दे रहे हैं। आर्यन खान को हिरासत में लिए जाने के बाद एक फोटो भी वायरल हुई थी, जिसमें केपी गोवासी दिखाई दे रहे हैं। एनसीबी ने कहा था कि फोटो वाला व्यक्ति एनसीबी का अधिकारी नहीं है, जिसके बाद नवाब मलिक ने सवाल पूछा कि वह वहां क्या कर रहे थे?