मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में एक व्यक्ति को लोहे की रॉड से पीटने और फिर कूड़ेदान से कचरा खाने के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
मारपीट और जबरन कचरा खिलाने की इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि यह घटना पिछले महीने की है। अपराध शाखा की दसवीं इकाई ने एक आरोपी अब्दुल खालिद मलिक शेख (47) को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
अधिकारी ने बताया कि शेख एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसे पहले दो बार जिलाबदर किया जा चुका है और अब इस घटना में मेघवाड़ी पुलिस ने उस पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि अब्दुल खालिक मलिक शेख का सहयोगी फहीद जाहिद अली शेख (20) फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता और आरोपी एक ही इलाके के रहने वाले हैं और इस घटना के पीछे का कारण आरोपियों और पीड़ित के बीच चल रहा एक पुराना विवाद है।