कांग्रेस में कलह के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नकवी ने कहा, ‘‘हम (सरकार) चाहते हैं कि मजबूत विपक्ष हो, न कि वह अपवादों और असमंजस से भरा हो।’’
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस में आंतरिक कलह को लेकर शुक्रवार को कटाक्ष किया और आरोप लगाया कि ‘परिवार’ ने ‘पंजे’ को अपनी ‘निजी संपत्ति’ बनाने की कोशिश में पार्टी को पंगु बना दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कापिल सिब्बल के ताजा बयान और फिर उनके आवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा कि परिवार ने सत्ता के स्वार्थ के लिए पार्टी को बर्बाद कर दिया।
विज्ञापन
कपिल सिब्बल के आवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने नारजगी जाहिर की और इस हमले की निंदा की। कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष चुनने को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखा था। इसमें करीब 23 से ज्यादा कांग्रेस नेता शामिल थे। ‘जी23’ के कई नेताओं ने सिब्बल के प्रति अपना समर्थन जताया है, तो कांग्रेस के कई दूसरे नेताओं ने सिब्बल को निशाने पर लिया है।
स्वार्थ के लिए पार्टी को संकट में डाला
कांग्रेस में कलह के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नकवी ने कहा, ‘‘हम (सरकार) चाहते हैं कि मजबूत विपक्ष हो, न कि वह अपवादों और असमंजस से भरा हो।’’ अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस ‘राजनीतिक संकट की सुनामी’ का सामना कर रही है, तो दूसरी तरफ यह ‘हताश सामंती शक्ति’ का शिकार है।
विज्ञापन
गांधी परिवार का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए नकवी ने कहा, ‘‘परिवार ने पंजे (कांग्रेस का चुनाव चिन्ह) को निजी संपत्ति बनाने के लिए सबसे पुरानी पार्टी को संकट में डाल दिया और इसे पंगु बना दिया है।’ उन्होंने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि कुछ लोग विपक्ष का चौधरी बनने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी अपनी पार्टी ही उनके हाथों से निकल गई है।