बीते कुछ हफ्तों से गर्मी व उमस से बेहाल उत्तर भारत के लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार को जारी पूर्वानुमान में दावा किया है कि करीब दो सप्ताह बाद दक्षिण पश्चिम मानसून 19 अगस्त से फिर सक्रिय हो रहा है। इसके असर से देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होगी।
मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 19 से 21 अगस्त तक व्यापक वर्षा की उम्मीद है। जबकि हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 और 21 अगस्त को बारिश का अनुमान है।
उत्तराखंड में कुछेक स्थानों पर 19 और 20 अगस्त को बहुत भारी वर्षा हो सकती है। बिहार में 20 से 22 अगस्त तक व्यापक वर्षा व कुछेक स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र व सिक्किम में बारिश का मौजूदा दौर 19 अगस्त तक जारी रहेगा।
गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड में 18 व 19 अगस्त को वर्षा होगी। वहीं, मध्यप्रदेश में 18 से 20 अगस्त तक और तेलंगाना व छत्तीसगढ़ में 18 अगस्त को वर्षा होगी। पूर्वोत्तर राज्यों, बंगाल व सिक्किम में अगले दो दिनों में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।