तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख व बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया है कि त्रिपुरा में अगली सरकार उनकी पार्टी की होगी। बंगाल की नीतियों को त्रिपुरा में भी लागू किया जाएगा। राज्य के पूर्व सीएम जितेन सरकार ने टीएमसी में शामिल होने के लिए पत्र भेजा है।
बंगाल के 200 लोग अफगानिस्तान में फंसे
ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि हमें सूचना मिली है कि दार्जिलिंग, तराई व कलिंपोंग के 200 से ज्यादा लोग अफगानिस्तान में फंस गए हैं। बंगाल के मुख्य सचिव विदेश मंत्रालय को इस बारे में पत्र लिख रहे हैं, ताकि इन लोगों की सुरक्षित वापसी हो सके।
वहीं, ममता बनर्जी ने बुधवार को घोषणा की कि राज्य में 50 फीसदी ग्रामीण आबादी के टीकाकरण के बाद लोकल ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य को अब तक कोरोना के टीके की 3.75 करोड़ खुराक मिली है। जिसमें 14 करोड़ डोज की आवश्यकता के मुकाबले निर्माताओं से सीधे खरीदे गए टीके भी शामिल हैं। कोलकाता में 75 प्रतिशत आबादी और हावड़ा में कम से कम 80 प्रतिशत लोग टीके की पहली खुराक ले चुके हैं।
अभिषेक बनर्जी के खिलाफ जांच पर रोक से इनकार
इस बीच त्रिपुरा हाईकोर्ट ने टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी व पांच अन्य के खिलाफ पुलिस जांच पर रोक से इनकार कर दिया है। अगरतला से मिली खबर के अनुसार हाईकोर्ट ने इस पर स्टे देने से इनकार करते हुए राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। सरकार से पूछा गया है कि यह केस खारिज क्यों नहीं कर दिया जाए। मामला बनर्जी व अन्य द्वारा पुलिस अधिकारियों को कामकाज से रोकने से संबंधित है।