महाराष्ट्र के अचलपुर से निर्दलीय विधायक बाबाराव कडू ने ई-रिक्शा निर्माता कंपनी के एक कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया। आरोप है कि कंपनी द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों को खराब ई-रिक्शा दिए हैं। दिव्यांग जनों ने विधायक से इस बारे में शिकायत की थी।
महाराष्ट्र के अचलपुर से निर्दलीय विधायक और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश बाबाराव कडू उर्फ बच्चू कडू ने ई-रिक्शा निर्माता कंपनी के एक कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया। आरोप है कि कंपनी द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों को खराब ई-रिक्शा प्रदान किए गए हैं। अचलपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक और प्रचार जनशक्ति पार्टी के प्रमुख एक रैली में सम्मिलित होने के लिए छत्रपति संभाजीनगर आए हुए थे।
विज्ञापन
दिव्यांग लोगों ने विधायक से की थी मुलाकात
इस बीच कुछ दिव्यांग लोगों ने अचलपुर विधायक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शिकायत की कि सरकारी योजना के तहत उन्हें खराब ई-रिक्शा प्रदान किए गए हैं। इस दौरान मौके पर ई-रिक्शा निर्माता कंपनी का एक कर्मचारी भी मौजूद था। बताया गया है कि इसके बाद बातचीत के दौरान विधायक को एक व्यक्ति को थप्पड़ जड़ते हुए देखा गया।
हां मैंने कर्मचारी को थप्पड़ मारा- विधायक
जब ओमप्रकाश बाबाराव कडू से इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, ‘हां, मैंने कंपनी के एक कर्मचारी को थप्पड़ मारा है। कंपनी ने सरकारी योजना के तहत दिव्यांग जनों को ई-रिक्शा प्रदान किए थे। वहां कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी को आना चाहिए था लेकिन, उन्होंने एक ऐसे आदमी को भेज दिया, जिसे ई-रिक्शा के बारे में कुछ भी जानकारी नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा, मैंने खुद एक ई-रिक्शा की सवारी की और देखा कि इसमें समस्या थी। उधर, इस मामले में अभी तक किसी भी व्यक्ति द्वारा पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया गया है। आपको बता दें कि इससे पहले भी ओमप्रकाश बाबाराव कडू पर एक सरकारी अधिकारी से मारपीट का आरोप लग चुका है।