Wayanad: कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर ने केरल के सीएम विजयन को पत्र लिखकर उनसे याचना की है कि वो वायनाड पीड़ितों के लिए उसकी मदद स्वीकार कर लें। सुकेश ने वायनाड में आए भूस्खलन को लेकर सीएम आपदा राहत कोष में 15 करोड़ रुपये का योगदान स्वीकार करने की अपील की है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर ने एक पत्र लिखा है, जिसमें उसने वायनाड जिले में आए विनाशकारी भूस्खलन के बाद मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 15 करोड़ रुपये का अपना योगदान स्वीकार करने का अनुरोध किया है। फिलहाल दिल्ली के मंडोली जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने कहा कि वह केरल की स्थिति देखकर बहुत दुखी हैं और इस मुश्किल समय में मदद करना चाहते हैं।
विज्ञापन
सुकेश ने 300 घर बनाने का भी किया वादा
सुकेश चंद्रशेखर के वकील अनंत मलिक ने पुष्टि की है कि केरल के मुख्यमंत्री को पत्र सुकेश चंद्रशेखर ने खुद लिखा है। इस पत्र में कहा गया है, मैं आज अपने फाउंडेशन की ओर से मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष के लिए 15 करोड़ रुपये का अपना योगदान स्वीकार करने का अनुरोध करता हूं। आज किए जा रहे इस योगदान के अलावा, मैं प्रभावितों के लिए तत्काल आधार पर 300 घर बनाने के लिए आगे भी योगदान देने का वचन देता हूं।
ये योगदान वैध व्यावसायिक खातों से होगा- सुकेश
बता दें कि सुकेश चंद्रशेखर ने ये भी तर्क दिया कि वायनाड के लिए दिया जाने वाला यह योगदान वैध व्यावसायिक खातों से था, उसने राज्य सरकार से अनुरोध किया कि वह इस प्रस्ताव को स्वीकार करे और भूस्खलन त्रासदी में प्रभावित लोगों के कल्याण और पुनर्वास के लिए इसका उपयोग करे। हालांकि केरल सरकार ने अभी तक चंद्रशेखर के पत्र का जवाब नहीं दिया है। कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर और उसकी पत्नी कथित रूप से धन शोधन और कई लोगों को धोखा देने के आरोप में जेल में बंद हैं।
विज्ञापन
विनाशकारी भूस्खलन में अभी भी 138 लोग लापता
इस बीच, भूस्खलन प्रभावित चूरलमाला और मुंडक्कई क्षेत्रों से लापता लोगों की तलाश नौवें दिन भी जारी रही, जिसमें सेना और नौसेना समेत कई बलों के 1,026 कर्मियों, 500 से अधिक स्वयंसेवकों और भारी मशीनरी को वहां तैनात किया गया है। 30 जुलाई को वायनाड के मुंडक्कई और चूरलमाला क्षेत्रों में हुए विनाशकारी भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या 300 से ज्यादा है।
वहीं केरल के स्थानीय प्रशासन की तरफ से बुधवार को जारी किए गए शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, एक सप्ताह से अधिक समय पहले उत्तरी केरल के इस जिले में हुए भीषण भूस्खलन के बाद से अभी भी 138 लोग लापता हैं।