सीओपी28 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
- फोटो : social media
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी COP 28 की बैठक में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दौरे पर थे। इस दौरान उनकी कई राष्ट्र प्रमुखों से मुलाकात हुई। इनमें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हरजोग और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी जैसे नेता शामिल हैं।
इन मुलाकातों के बाद कई तस्वीरें सामने आईं। इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने भी पीएम मोदी के साथ सेल्फी ली। इस सेल्फी पर प्रधानमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर शनिवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शुक्रिया जताया और लिखा कि दोस्तों के साथ मुलाकात हमेशा खुशी देती है। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है। इसे अब तक 30 लाख से अधिक यूजर्स देख चुके हैं।
सात बड़े नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी ने करीब 21 घंटे के दौरान सात बड़े राष्ट्राध्यक्षों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलोनी और सुनक के अलावा ब्राजील के प्रधानमंत्री लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा, ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन, पूर्व ब्रिटिश पीएम टोनी ब्लेयर से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र के जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के चार सत्रों को संबोधित किया। उन्होंने दुनियाभर के बड़े देशों से मिलकर पर्यावरण बचाने की कवायद करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्बन उत्सर्जन को घटाने पर भी जोर दिया।