इंडियन फार्माकोपिया कमीशन (IPC) ने मेफेनैमिक एसिड दवा के इस्तेमाल को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। अब दवा बनाने वाली कंपनी ब्लू क्रॉस लैब्स ने स्पष्टीकरण जारी किया है। कंपनी ने कहा कि IPC की ओर से जारी किया गया अलर्ट डॉक्टरों और मरीजों को मेफेनैमिक एसिड की एडवर्स ड्रग रिएक्शन (ADR) की संभावना पर नजर रखने की सलाह देने के लिए था।
लाखों रोगियों को लाभ का दावा
दवा के कथित दुष्प्रभाव पर स्पष्टीकरण जारी कर दवा विनिर्माण कंपनी ब्लू क्रॉस लेबोरेट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने कहा, मेफ्टाल और मेफ्टाल-स्पास किसी भी तरह से ब्रांड की सुरक्षा, प्रभाव और उच्च गुणवत्ता को प्रभावित नहीं करता है। दवाई से जुड़ी स्टडी और मरीजों पर इस्तेमाल के बाद मिले साक्ष्यों और क्लिनिकल अध्ययन से साफ हुआ है कि इस दवा के इस्तेमाल से लाखों रोगियों को लाभ हुआ है।
भारत के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन और जापान में भी इस्तेमाल
कंपनी ने कहा कि मेडिकल साइंस में मेफेनैमिक एसिड का इस्तेमाल लंबे समय से हो रहा है। मेफ्टाल और मेफ्टाल-स्पास दवाओं में मेफेनैमिक एसिड, भारत के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन और जापान जैसे देशों में भी इस्तेमाल किया जा रहा है। चार दशकों से अधिक समय से इस्तेमाल के बाद बड़ी संख्या में मरीजों को फायदा पहुंचा है।
IPC की एडवाइजरी के बाद मेडिकल साक्ष्य पर भी बोली कंपनी
कंपनी ने कहा, IPC के अलर्ट में ADR यानी ड्रेस सिंड्रोम (DRESS syndrome) का उल्लेख है। यह बहुत ही दुर्लभ घटना है। भारत और विश्व स्तर पर प्रकाशित मेडिकल लिटरेचर में इसे दर्ज भी किया गया है। ड्रेस सिंड्रोम के बारे में पेरासिटामोल (Paracetamol ) और इबुप्रोफेन (Ibuprofen) के लिए प्रकाशित रिपोर्ट उपलब्ध हैं।
दवा से जुड़े एडीआर जोखिम को कम करने पर डॉक्टरों का जोर
ब्लू क्रॉस लैब्स के मुताबिक, किसी भी दवा को निर्धारित करते समय, डॉक्टर किसी भी ADR के जोखिम को कम करने के लिए रोगी के बैकग्राउंड और अन्य व्यक्तिगत कारकों पर विशेष ध्यान देते हैं। कंपन ने कहा, फार्माकोविजिलेंस प्रोग्राम ऑफ इंडिया (PVPI) सभी दवाओं के प्रतिकूल प्रभावों पर डेटा एकत्र करती है। IPC और स्वास्थ्य मंत्रालय के दायरे में इसका संचालन होता है।
मेफ्टाल बनाने वाली कंपनी में PVPI के प्रयासों का पूरा समर्थन
स्पष्टीकरण में कहा गया, फार्माकोविजिलेंस सभी रोगों की स्थितियों के लिए सभी दवाओं की सुरक्षा और असर सुनिश्चित करने के लिए रोगियों के हित में काम करता है। ब्लू क्रॉस लैबोरेटरीज एक जिम्मेदार दवा बनाने वाली कंपनी है। इसके पास आंतरिक रूप से एक मजबूत फार्माकोविजिलेंस प्रणाली है जो PVPI के प्रयासों का पूरा समर्थन भी करती है।
गंभीर एलर्जी के बारे में IPC ने क्या कहा था
दवा बनाने वाली कंपनी के स्पष्टीकरण से पहले दिसंबर में IPC ने मेफ्टाल के संबंध में एडवाइजरी जारी की थी। आयोग ने कहा था कि PvPI डाटाबेस से प्रतिकूल दवा प्रतिक्रियाओं के प्रारंभिक विश्लेषण से ड्रेस सिंड्रोम (ADR) का पता चला है। ड्रेस सिंड्रोम कुछ दवाओं के कारण होने वाली एक गंभीर एलर्जी को कहा जाता है।
कहां इस्तेमाल होता है मेफ्टाल
बता दें कि मेफ्टाल और मेफ्टाल-स्पास दवाई का दर्द, बुखार और ऐंठन जैसी परेशानी होने पर बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है। डॉक्टर इलाज के लिए इस पर भरोसा करते हैं। इस दवा में कई चीजें मिलाई जाती हैं, जिसमें एक सक्रिय इंग्रेडिएंट्स मेफेनैमिक एसिड (Mefenamic Acid) भी होता है।