आईसीसी की ताजा रैंकिंग में विराट कोहली टेस्ट में बल्लेबाजों में शीर्ष दस में वापस आ गए हैं, ताजा आईसीसी रैंकिंग में वह नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में विराट ने 38 और 76 रन की पारी खेली थी। इससे उन्हें आईसीसी रैंकिंग में चार स्थान का फायदा हुआ है। टेस्ट में विराट कोहली सबसे बेहतर रैंकिंग वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज डीन एल्गर सेंचुरियन में शानदार शतकीय पारी के चलते 19 स्थान चढ़कर 17वें स्थान पर आ गए हैं।
एल्गर ने भारत के खिलाफ 185 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका को पारी के अंतर से जीत दिलाई। इससे अफ्रीकी टीम को 12 विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप अंक हासिल करने में मदद मिली।
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच के बाद भी रैंकिंग में थोड़े बदलाव आए हैं। मिचेल मार्श 16 स्थान ऊपर चढ़कर 52वें पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं, मोहम्मद रिजवान ने चार स्थान की छलांग लगाई, जबकि ट्रैविस हेड चार स्थान फिसल गए हैं। हालांकि, वह शीर्ष 10 में बने हुए हैं।
न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन 864 अंक के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। वहीं, जो रूट 859 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ (820) तीसरे स्थान पर हैं।
गेंदबाजों की टेस्ट रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह 767 अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं। वहीं, रवींद्र जड़ेजा 774 अंक के साथ चौथे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसेन ने तीन स्थान की छलांग लगाई है और 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं। ऑलराउंडर रैंकिंग में वह पांच स्थान की छलांग लगाकर 8वें स्थान पर पहुंच गए हैं, यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग (268) है।
पाकिस्तान के आमेर जमाल गेंदबाजी रैंकिंग में 17 स्थान ऊपर चढ़कर 57वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पांच विकेट लेने के साथ रन भी बनाए हैं और ऑलराउंडर रैंकिंग में 34 पायदान ऊपर 68वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और यूएई की टीमें टी20 में सक्रिय रही हैं और इसका असर रैंकिंग पर भी दिखा है। मिचेल सैंटनर ने चार विकेट लेकर चर्चा बटोरी थी और वह आठ पायदान ऊपर आठवें पायदान पर पहुंच गए हैं। शोरफुल इस्लाम ने 32 स्थान की छलांग लगाई है और मुस्तफिजुर रहमान भी पांच स्थान आगे बढ़ते हुए 22वें पर पहुंच गए हैं।
तीन मैचों की सीरीज में अफगानिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात को 2-1 से हराया। इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने वाले अफगान बल्लेबाज इब्राहिम जादरान 14 स्थान की छलांग लगाकर 33वें स्थान पर पहुंच गए। गेंदबाजी में यूएई के अली नसीर (29 स्थान ऊपर) और मुहम्मद जवादुल्लाह (22 स्थान ऊपर) सबसे आगे रहे।