मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 5 करोड़ रुपये का गांजा जब्त किया गया है। उधर पुणे में एक कार सड़क से फिसलकर नाले में गिर गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। पढ़े महाराष्ट्र की बड़ी खबरें
महाराष्ट्र के राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 5 करोड़ रुपये का गांजा जब्त किया गया है। खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई की मुंबई यूनिट ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री को रोका। बताया गया है कि यात्री बैंकॉक से मुंबई पहुंचा था। जब यात्री के बैग की तलाशी ली गई थी तो कुछ पैकेट बरामद हुए। इन पैकेट्स से 5.34 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।
महाराष्ट्र के पुणे जिले में पुणे-सोलापुर राजमार्ग पर एक कार सड़क से फिसलकर नाले में गिर गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना दलाज गांव के पास हुई। पुलिस के अनुसार, कार में सवार छह लोग मुंबई से तेलंगाना जा रहे थे, तभी दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनकी कार नाले में गिर गयी। कार में सवार सभी लोगों की उम्र 20 वर्ष के आसपास है। एक अधिकारी ने कहा, ‘मुंबई में सैर-सपाटा करने के बाद छह लोग कार से अपने गृह राज्य तेलंगाना लौट रहे थे। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि भारी बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने से चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा।’
मुंबई में कूड़ा बीनने वाली एक 57 वर्षीय महिला के ऊपर पेड़ गिर गया, जिससे महिला की मौत हो गई। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) का कहना है कि परेल बस स्टैंड के पास सायनी रोड में महिला के ऊपर पेड़ गिर गया था। इस वजह से महिला वहां बुरी तरह से फंस गई। स्थानीय लोगों द्वारा महिला को तत्काल नगर निगम के अस्पताल ले जाया गया लेकिन, वहां मौजूद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इससे पहले 45 वर्षीय व्यक्ति की भी वर्ली में पेड गिरने से मौत हो गई थी।
मुंबई में महाराष्ट्र विधानसभा भवन के बाहर मंगलवार को 59 वर्षीय महिला ने अपनी कलाई काटने की कोशिश की। बताया गया है कि महिला का हाउसिंग सोसाइटी से विवाद चल रहा है। पुलिस ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी। यह घटना उस वक्त हुई है जब विधानसभा सत्र चल रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला की पहचान तारा साबले के रूप में हुई है और उनकी कलाई पर हल्की चोट आई है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत तारा साबले को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारी के अनुसार, तारा साबले का ठाणे स्थित अपनी हाउसिंग सोसायटी के साथ कुछ विवाद है और उसने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलने की कोशिश की थी, लेकिन उसे मुलाकात का समय नहीं मिल पाया।