ठाणे जिले के अंबरनाथ में अपने मालिक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में 23 वर्षीय एक मजदूर को गिरफ्तार किया गया है।
अंबरनाथ पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अशोक भगत ने बताया कि सलीम याकूब शेख ने रविवार को 52 साल के मजदूर ठेकेदार अब्दुल रहमान की पीट-पीटकर हत्या कर दी। दरअसल, ठेकेदार ने शेख की दैनिक मजदूरी 1,000 रुपये से घटाकर 700 रुपये कर दी, जिस पर विवाद हो गया।
ठाणे पुलिस ने एक टेंपो से बड़ी मात्रा में मांस जब्त किया है। इसकी कीमत चार लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि मांस को विश्लेषण के लिए भेज दिया है।
मानपाड़ा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि रविवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर डोंबिवली के गोलावली में टेंपो को रोका गया, हालांकि उसमें सवार लोग भागने में सफल रहे। उन्होंने आगे बताया कि टेंपो और उसके पीछे चल रही एक कार को जब्त कर लिया गया है। मांस के इस अवैध परिवहन के पीछे व्यक्तियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। उन पर भारतीय न्याय संहिता, नगर निगम अधिनियम और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने सोमवार को मुंबई पुलिस को शिकायत देकर कथित तौर पर सांप्रदायिक बयान देने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महाराष्ट्र कांग्रेस के कानूनी प्रकोष्ठ के प्रमुख अधिवक्ता रविप्रकाश जाधव ने कोलाबा पुलिस थाने में अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि सीएम शिंदे और फडणवीस ने भावनाओं को भड़काने के लिए दावा किया कि कांग्रेस शासित कर्नाटक में पुलिस ने भगवान गणेश की मूर्ति जब्त कर ली है।
जाधव ने दावा किया कि बेंगलुरु पुलिस ने 13 सितंबर को विश्व हिंदू परिषद के विरोध प्रदर्शन के दौरान मूर्ति को सुरक्षित रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए ले लिया था कि वे हाथापाई में क्षतिग्रस्त न हों। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बाद में सभी अनुष्ठान पूरे करने के बाद मूर्ति को विसर्जित कर दिया और कई तथ्य-जांच संगठनों ने इसका खुलासा किया है। वहीं जाधव ने अपनी शिकायत में दावा किया, हालांकि, राजनीतिक लाभ के लिए शिंदे ने झूठा दावा किया कि कर्नाटक पुलिस ने उत्सव मनाने से रोका और गणेश प्रतिमा जब्त कर ली। फडणवीस ने भी अपने एक्स अकाउंट से इसी तरह की गलत सूचना साझा की। कांग्रेस पदाधिकारी ने कहा, भाजपा विधायक नितेश राणे ने भी गलत सूचना फैलाई और सांप्रदायिक तनाव को भड़काने की कोशिश की।
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में सोमवार की सुबह एक शॉपिंग कॉम्पलेक्स की छत पर एक व्यक्ति का सिर कटा शव मिला। एक अधिकारी ने बताया कि कपूरबावड़ी इलाके में कॉम्प्लेक्स की छत पर सिक्योरिटी सुपरवाइजर सोमनाथ सदगीर का सिर कटा शव मिला है। मामले में जोन-5 के पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव ने बताया कि सदगीर ने रविवार रात करीब 10 बजे कॉम्प्लेक्स में एक सुरक्षा गार्ड के साथ खाना खाया और दोनों के बीच कथित तौर पर बहस हुई, जिसके कारण हत्या की गई। उन्होंने बताया कि पास की इमारत के एक व्यक्ति ने शव को देखा और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल कथित आरोपी की तलाश जारी है और भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।