महाराष्ट्र में मंदिरों को खुलवाने व धार्मिक आयोजनों की अनुमति के लिए प्रदर्शन कर रही भाजपा व महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि कुछ लोग मंदिर व अन्य स्थलों को खुलवाने की जल्दबाजी में हैं। मेरी जनता से अपील है कि मंदिर खुलवाने के लिए नहीं बल्कि कोरोना रोकने के लिए प्रदर्शन करें।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का यह बयान उस समय आया है जब महाराष्ट्र में कोरोना तेजी से अपने पैर पसार रहा है और सरकार को फिर से कड़े नियम लागू करने पड़ रहे हैं। इस बीच भाजपा के कई नेता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाजपा नेता के खिलाफ दर्ज हुआ था केस
मुंबई पुलिस ने भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। दरअसल, भाजपा नेता अपने 30 कार्यकर्ताओं के साथ बाबुलनाथ मंदिर के द्वार फिर से खोलने की मांग कर रहे थे।
दही हांडी को लेकर भी हुआ था बवाल
जन्माष्टमी पर सरकार की ओर से धार्मिक आयोजन की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बावजूद भाजपा विधायक राम कदम ने दही हांडी मनाने का एलान कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उनका घर पूरी तरह घेर लिया था। वहीं महाराष्ट्र नवर्निमाण सेना के चार कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया था। ये कार्यकर्ता रोक के बावजूद दही हांडी का आयोजन कर रहे थे।