द्रमुक के वरिष्ठ नेता आई पेरियासामी 16 फरवरी को शिवगंगा में अभियान का शुभारंभ करेंगे। जबकि, सांसद कनिमोझी उसी दिन तिरुनेलवेली में अपना भाषण देंगी। वहीं, युवा कल्याण और खेल विकास मंत्री उदयनिधि स्टालिन 17 फरवरी को रामनाथपुरम में एक बैठक में भाग लेंगे। पार्टी के महासचिव दुरई मुरुगन कृष्णागिरी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। टीआर बालू 17 फरवरी को तिरुचिरापल्ली में जबकि पार्टी नेता आरएस भारती 18 फरवरी को पुडुचेरी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
बयान में कहा गया है कि 'स्टालिन का आह्वान- अपने अधिकार वापस पाओ' अभियान बीते दस वर्षों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार द्वारा तमिलनाडु के साथ किए गए अन्याय और विपक्षी दल अन्नाद्रमुक पर केंद्रित है। इसमें कहा गया है कि अन्नाद्रमुक ने राज्य के अधिकारों की रक्षा न करके लोगों को धोखा दिया है। इससे पहले, द्रमुक ने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ संपर्क करके स्थानीय स्तर पर चुनावी मुद्दों का समाधान करने के लिए वार रूम बनाने की घोषणा की।