न्याय से अर्थव्यवस्था को नुकसान होने की आशंका नकारते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस योजना से अर्थव्यवस्था को नुकसान नहीं होगा बल्कि इससे उसे फायदा होगा। नरेंद्र मोदी ने (अर्थव्यवस्था को) दो झटके मारे, पहला झटका कुल्हाड़ी लेकर नोटबंदी की और दूसरा झटका गब्बर सिंह टैक्स (जीएसटी) ला कर मारा। मोदी ने ये दो कुल्हाड़ियां मार कर हमारे मजदूरों, छोटे दुकानदारों की जेब से पैसा छीना। नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स गरीबों से पैसा छीनने का तरीका है। उन्होंने पैसा छीना है।
राहुल ने कहा कि न्याय योजना के तहत पांच करोड़ बैंक खातों में 72000 रुपये सालाना डालने से न सिर्फ गरीबों की मदद होगी बल्कि किसानों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों और व्यापारियों की भी मदद होगी। न्याय से सर्वाधिक मदद बेरोजगार युवकों को मिलेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार में 22 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं। 45 साल में सबसे अधिक बेरोजगारी, 27000 युवा हर चौबीस घंटे में बेरोजगार हो रहे हैं और 22 लाख सरकारी नौकरियां खाली हैं। मैं गारंटी देता हूं कि कांग्रेस की सरकार बनने पर एक साल में इन 22 लाख सरकारी पदों को भरा जाएगा। दस लाख युवाओं को कांग्रेस पार्टी पंचायतों में रोजगार देगी।
अनिल अंबानी, मेहुल चौकसी, नीरव मोदी, ललित मोदी का नाम लेते हुए राहुल ने कहा कि इन 15 लोगों ने 5.55 लाख करोड़ रुपये हिंदुस्तान के बैंकों से कर्ज लिया और वापस नहीं किया। नरेंद्र मोदी इनकी रक्षा करते हैं। इनका 5.55 लाख करोड़ रुपये कर्ज माफ किया नरेंद्र मोदी ने। 45000 करोड़ रुपये अनिल अंबानी को कर्ज दिया, 35000 करोड़ रुपये नीरव मोदी को, 35000 करोड़ रुपये मेहुल चौकसी को। विजय माल्या का कर्ज 10000 करोड़ रुपये है।
इलाके की पेयजल समस्या की ओर इशारा करते हुए राहुल ने कहा कि आपको 1500 करोड़ रुपये नहीं दे पाये पानी के लिए। लेकिन नीरव मोदी को 35000 करोड़ रुपये दिया। इससे ऐसे 20 जिलों का काम किया जा सकता था।