प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने लोगों से कुंभ नहाने के लिए भारी भीड़ न इकट्टा करने की अपील की। स्वामी अवधेशानंद गिरि ने अपील करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के आह्वान का हम सम्मान करते हैं! जीवन की रक्षा महत पुण्य है। मेरा धर्म परायण जनता से आग्रह है कि कोविड की परिस्थितियों को देखते हुए भारी संख्या में स्नान के लिए न आएं एवं नियमों का निर्वहन करें।
कुंभ में अब तक 70 से ज्यादा साधु पॉजिटिव
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए निरंजनी अखाड़े ने 15 दिन पहले ही कुंभ मेला खत्म करने की घोषणा कर दी थी। इस अखाड़े के 17 साधु-संत संक्रमित हो चुके हैं। अखाड़े के सचिव रविंद्र पुरी खुद संक्रमित हैं। अब तक कुंभ मेले में शामिल होने वाले करीब 70 से ज्यादा साधु-संत कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बड़ी संख्या में संतों की कोरोना जांच हो रही है। दो दिन पहले ही अखिल भारतीय श्री पंच निर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर कपिल देवदास (65 वर्ष) की मौत भी हो चुकी है।