एलडीएफ सरकार द्वारा शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी के इस्तीफा की मांग खारिज करने के बाद कांग्रेस नीत यूडीएफ ने गुरुवार को केरल विधानसभा की कार्यवाहियों का बहिष्कार किया। 2015 में सदन के अंदर हंगामा करने से जुड़े मामले में यूडीएफ उनके इस्तीफे की मांग कर रहा था।
शून्य काल के दौरान विपक्ष ने उनके इस्तीफे की मांग करते हुए स्थगन प्रस्ताव के लिए नोटिस पेश किया क्योंकि सुप्रीम कोर्ट मामले में शिवनकुट्टी सहित एलडीएफ विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामले को वापस लेने की सरकार की याचिका को खारिज कर दिया था। नोटिस पेश करते हुए कांग्रेस विधायक पीटी थॉमस ने कहा कि इस घटना से विधानसभा की छवि दागदार हुई है।
बहरहाल, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मंत्री के इस्तीफे की विपक्ष की मांग को खारिज कर दिया। उन्होंने वाम मोर्चा के विधायकों की संलिप्तता वाले मामले को वापस लेने के लिए सुप्रीम कोर्ट में सरकार द्वारा याचिका दायर करने का भी बचाव किया।