कर्नाटक के हासन से लोकसभा उम्मीदवार और जेडीएस नेता प्रज्ज्वल रेवन्ना विवादों में घिरे हुए हैं। यौन शोषण मामले में कर्नाटक के गृहमंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने रविवार को बताया कि प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। रेवन्ना की भारत वापसी के लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है। इंटरपोल प्रज्ज्वल के बारे में सभी देशों को सूचित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रज्ज्वल को कैसे वापस लाया जाए, इस पर जांच के लिए गठित विशेष जांच दल ही फैसला करेगा।
क्या होता है ब्लू कॉर्नर नोटिस
ब्लू कॉर्नर नोटिस अंतरराष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन की तरफ से जारी किया जाता है, जिसे इंटरपोल कहा जाता है। जानकारी के अनुसार, किसी अपराध के संबंध में किसी व्यक्ति की पहचान, स्थान सहित अन्य जानकारी एकत्र करने के लिए अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग निकाय ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करता है। नोटिस के लिए जांच एजेंसी को इंटरपोल से अनुरोध करना पड़ता है। बता दें, इंटरपोल अलग-अलग तरह की कार्रवाई के लिए विभिन्न रंग के कॉर्नर नोटिस जारी करता है।
कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए आरोप
हासन लोकसभा क्षेत्र से जदएस-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार प्रज्ज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के भतीजे हैं। सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर अपने गठबंधन के सहयोगी जदएस के उम्मीदवार को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि प्रज्ज्वल के बारे में जानकारी होने के बावजूद भाजपा ने जदएस के साथ गठबंधन क्यों किया?
एसआईटी ने सीबीआई से किया था अनुरोध
एसआईटी ने सीबीआई से अनुरोध किया था कि मामले में प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया जाए। जांच टीम ने उम्मीद जताई कि हासन सांसद के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने के बाद उनके ठिकानों के बारे में जानकारी मिल सकती है। कहा जा रहा है कि, कर्नाटक में पहले चरण के मतदान के बाद प्रज्ज्वल रेवन्ना 27 अप्रैल को विदेश चले गए थे। उनके वकील ने एसआईटी के सामने पेश होने के लिए सात दिन का समय मांगा था, जिस पर जांच टीम ने जवाब दिया कि ऐसा संभव नहीं है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एसआईटी को निर्देश दिया है कि प्रज्ज्वल को गिरफ्तार करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही इस मामले शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त से सख्त एक्शन लेने के लिए कहा गया है।
यह है मामला
बता दें कि 33 वर्ष के प्रज्ज्वल रेवन्ना के खिलाफ कई महिलाओं के साथ यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं और कई इससे जुड़े कई वीडियो वायरल हो गए हैं। रेवन्ना पर कथित तौर पर सैंकड़ों अश्लील वीडियो बनाने का भी आरोप है। राज्य सरकार ने इस मामले में एसआईटी का गठन किया है। प्रज्ज्वल कर्नाटक की हासन लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां 26 अप्रैल को मतदान हुआ है।
एक दिन पहले पिता को हिरासत में लिया
सेक्स स्कैंडल मामले में प्रज्ज्वल रेवन्ना के पिता एचडी रेवन्ना को शनिवार को मामले की जांच कर रही एसआईटी ने हिरासत में ले लिया। रेवन्ना ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत की अपील की थी, जो खारिज हो गई। इसके बाद एसआईटी ने एचडी रेवन्ना को हिरासत में ले लिया।