कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने बुधवार को राज्य के आबकारी मंत्री एचवाई मेती का इस्तीफा मंजूर कर लिया। उन नाम एक सेक्स स्कैंडल में आया। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सेक्स स्कैंडल तब सामने आया जब एक आरटीआई कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि एक विडियो में मेती किसी महिला के साथ आपत्तिजनक हालात में दिखाई दे रहे हैं। कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि मंत्री मेती ने महिला से ट्रांसफर के बदले सेक्स की मांग की थी।
आरटीआई कार्यकर्ता राजशेखर मुलाली के इन आरोपों पर मेती ने कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश के तहत यह सब किया जा रहा है और वह निर्दोष हैं। मेती ने कहा कि वह जांच का सामना करने को तैयार हैं।
इस सेक्स स्कैंडल की वजह से राज्य में खूब सियासी घमासान मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि सीएम सिद्दारमैया ने इस मामले में खुद पुलिस रिपोर्ट का संज्ञान लिया और मामले की जांच के आदेश दिए। उन्होंने मीडिया से कहा कि जांच में अगर सीडी सही पाई जाती है तो इसके बाद वह टिप्पणी करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर सीडी सही पाई जाती है तो मंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और ऐसी कोई हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।