आयकर विभाग ने हाल ही में मुंबई के दो रियल एस्टेट समूहों और महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार के परिवार के कुछ सदस्यों पर छापेमारी के बाद लगभग 184 करोड़ रुपये की बेहिसाब आय का पता लगाया है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आयकर विभाग के लिए नीति बनाने वाली संस्था केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने एक बयान में कहा कि सात अक्टूबर को मुंबई, पुणे, बारामती, गोवा और जयपुर में 70 परिसरों में तलाशी शुरू की गई थी। तलाशी के दौरान जुटाए गए सबूतों में कई बेहिसाब और बेनामी लेनदेन का खुलासा हुआ है।
इसमें शामिल संस्थाओं का नाम लिए बिना इस बयान में कहा गया है कि दो समूहों की लगभग 184 करोड़ रुपये की बेहिसाब आय के सबूत, आपत्तिजनक दस्तावेज पाए गए हैं। सीबीडीटी ने कहा कि कार्रवाई के दौरान 2.13 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी और 4.32 करोड़ रुपये के आभूषण जब्त किए गए।
सीबीटीडी के मुताबिक, छापे की कार्रवाई से इन व्यापारिक समूहों द्वारा कई कंपनियों के साथ लेनदेन की पहचान हुई है, जो पहली नजर में संदिग्ध लगता है। अजीत पवार ने छापे के दिन मीडिया को बताया था कि उनकी तीन बहनों के परिसरों पर भी छापेमारी की गई, जिनमें से एक कोल्हापुर जिले में और दो महाराष्ट्र के पुणे जिले में रहती हैं।