देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2 अरब डॉलर बढ़कर 639.51 अरब डॉलर पहुंच गया है। रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को बताया कि 8 अक्तूबर को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार में तेजी आई। इससे पहले के सप्ताह में 1.16 अरब डॉलर गिरावट रही थी। सोने का भंडार भी 46.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 38 अरब डॉलर पहुंच गया है।
सरकार ने टैरिफ रेट कोटे के तहत अमेरिका को 8,424 टन चीनी निर्यात की मंजूरी दे दी है। इस निर्यात पर भारत को बेहद कम सीमा शुल्क का भुगतान करना होगा। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने शुक्रवार को बताया कि सरकार की ओर से कोटे के तहत मंजूर की गई चीनी का निर्यात 1 अक्तूबर, 2021 से 30 सितंबर, 2022 तक किया जाएगा।
जुलाई-सितंबर तिमाही में रियल एस्टेट क्षेत्र में निजी इक्विटी निवेश 24 फीसदी बढ़कर 3,500 करोड़ रुपये पहुंच गया है। हालांकि, अप्रैल-जून तिमाही की अपेक्षा इसमें 45 फीसदी की बड़ी गिरावट आई है। सैविल्स इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि दूसरी तिमाही के दौरान आए कुल निजी निवेश में 34 फीसदी हिस्सेदारी डाटा केंद्रों की है।